UP Transport Corporation Salary Hike: योगी सरकार ने परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है. सरकार ने कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार कम टैली ऑपरेटर और प्रोग्रामर के मानदेय में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. बढ़ा हुआ मानदेय जुलाई महीने से लागू होगा.
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में हर साल 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है. इसके तहत जनवरी में 5 प्रतिशत और जुलाई में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है. सरकार का कहना है कि परिवहन निगम की सेवाओं को सुचारू, आधुनिक और प्रभावी बनाने में आउटसोर्स कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. मंत्री ने कहा कि मानदेय बढ़ने से कर्मचारियों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे अधिक उत्साह व प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे.
कोटेदारों का मार्जिन भी बढ़ा
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी का ऐलान किया. कोटेदारों का मार्जिन 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि बढ़ाए गए 35 रुपये में 10 रुपये केंद्र सरकार और 25 रुपये राज्य सरकार दे रही है. उन्होंने कहा कि कोटेदारों के मार्जिन में 25 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी के लिए केंद्र सरकार को पत्र भी भेजा गया है.
नोएडा में 400 परिवारों पर जल संकट, नाले के रिसाव से पानी भर रहे थे मासूम
सीएम योगी ने कहा कि निराश्रितों और दिव्यांगों तक राशन घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है. प्रदेश में दो करोड़ परिवारों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन और 1.53 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए गए हैं. वहीं राशन की 10 हजार दुकानों को अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित दर विक्रेता राशन वितरण की दुनिया की सबसे बड़ी व्यवस्था में सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं. सरकार गरीब, निराश्रित और दिव्यांग लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उचित दर विक्रेताओं के हितों का भी ध्यान रख रही है.


