UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. महीने के पहले ही दिन तेज धूप और बढ़ते तापमान ने साफ संकेत दे दिए कि सर्दी अब विदा ले चुकी है. राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिन चढ़ते ही धूप में तल्खी महसूस की गई और दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कुछ कम दिखाई दी.
यूपी में मिल रही सोने की परत से सजी ‘शाही गुझिया’, कीमत सुनकर उड़ जाएंगे होश!
फाल्गुन पूर्णिमा के दिन सोमवार को करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रूखी पछुआ हवाएं चलीं. स्थानीय भाषा में इन्हें ‘फगुनहट’ कहा जाता है. इन शुष्क हवाओं ने मौसम को और अधिक गर्म और सूखा बना दिया. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मंगलवार से हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक हवाएं चलेंगी, तब तक थोड़ी राहत महसूस होगी, लेकिन जैसे ही इनकी रफ्तार थमेगी, गर्मी और ज्यादा तीखी लगेगी.
प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. सोमवार को बांदा और हमीरपुर सबसे गर्म जिले रहे. बांदा में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हमीरपुर में पारा 34.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. राजधानी लखनऊ में भी तापमान में इजाफा देखा गया. रविवार को अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 32.5 डिग्री दर्ज हुआ, वहीं न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की बढ़त के साथ 16 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है. इसका मतलब है कि दिन के साथ-साथ रातें भी धीरे-धीरे गर्म होने लगेंगी. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रहेगी.
3 चीजें जो घर में नहीं होनी चाहिए, वरना कभी नहीं टिकेगा सुख-शांति और पैसा
मार्च के शुरुआती दिनों में ही जिस तरह की गर्मी महसूस की जा रही है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि इस बार गर्मी जल्दी और तेज असर दिखा सकती है. फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और निकट भविष्य में राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं.


