UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में ठंड का असर कम हो गया था. सुबह-शाम हल्की ठंड के बावजूद दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास होने लगा था. कई शहरों में लोग हल्के कपड़ों में नजर आने लगे थे, जिससे साफ संकेत मिल रहा था कि सर्दी अब विदा ले रही है. लेकिन अब मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है. मंगलवार से सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर बुधवार, 18 फरवरी को प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी जिलों में देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है. कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. वहीं पूर्वांचल संभाग में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है और वहां किसी तरह की बारिश का अनुमान नहीं है.
सूर्य गोचर 2026: कुंभ राशि में सूर्य-बुध-राहु की महायोगी युति, इन राशियों की चमकेगी किस्मत
जमकर भीग सकते हैं ये जिले
जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है उनमें नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर शामिल हैं. इन जिलों में एक या दो स्थानों पर वर्षा हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है.
इन जिलों में साफ रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में आज मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है. दिन के समय धूप निकलेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जाएगी. यहां किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इसी तरह वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर और प्रयागराज में भी आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है.
मौसम शुष्क रहने की संभावना
बीते दिनों में प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस बार फरवरी माह में ही सर्दी लगभग समाप्त होती नजर आ रही है. मौसम विभाग का कहना है कि प्रस्तावित बारिश का तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा. अगले सात दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. हालांकि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान में उतनी ही गिरावट दर्ज होने का अनुमान है.
नेशनल एक्सप्रेसवे पर टोल नियम में बड़ा बदलाव, अधूरे एक्सप्रेसवे पर अब नहीं लगेगा पूरा टोल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम अस्थिर रहेगा, जबकि पूर्वी हिस्सों में फिलहाल राहत बनी रहेगी. लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.


