नई दिल्ली: दिल्ली के 48 ग्रामीण गांवों को शहरी गांव घोषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. दिल्ली नगर निगम (MCD) की मंगलवार को होने वाली हाउस मीटिंग में इससे संबंधित प्रस्ताव पेश किया जा रहा है. शहरीकरण के बाद इन इलाकों में सड़क, नाली, सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन जैसी नागरिक सुविधाओं की योजना को अधिक व्यवस्थित तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी.
इन 48 गांवों को दिल्ली के अलग-अलग जोन में शामिल किया गया है. इनमें आउटर नॉर्थ, नॉर्थ, नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ वेस्ट, साउथ, साउथ वेस्ट और साउथ ईस्ट जोन शामिल हैं. सबसे अधिक गांव साउथ वेस्ट जोन के अंतर्गत आते हैं.
यह भी पढ़ें- Parvesh Verma Slap Case: AAP का दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन, FIR की मांग से बढ़ा विवाद
मास्टर प्लान 2041 से जुड़ेगा विकास
इन गांवों के शहरीकरण का प्रस्ताव दिल्ली मास्टर प्लान-2041 की विकास रणनीति को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. शहरी गांव घोषित होने के बाद इन क्षेत्रों के विकास को मास्टर प्लान के प्रावधानों के साथ जोड़ने में मदद मिलेगी. इसके तहत जमीन के इस्तेमाल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर योजना बनाई जा सकेगी. साथ ही लैंड पूलिंग, हरित क्षेत्रों के विकास और पुराने इलाकों के पुनर्विकास जैसी योजनाओं को लागू करने का रास्ता भी आसान हो सकता है.
भवन निर्माण और जमीन के इस्तेमाल पर भी स्पष्टता
शहरीकरण के बाद भवन निर्माण और जमीन के इस्तेमाल से जुड़े नियमों को लागू करने में भी अधिक स्पष्टता आने की उम्मीद है. इससे अनधिकृत निर्माण पर नियंत्रण और नगर निगम की सेवाओं की बेहतर योजना बनाने में मदद मिल सकती है. इन गांवों में सड़क, सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाओं के लिए योजनाएं तैयार करना भी आसान होगा.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम सेक्टर-104 में 24 मीटर चौड़ी सड़क का रास्ता साफ, 2 हजार परिवारों को मिलेगी राहत
फरवरी 2026 में DDA ने दी थी मंजूरी
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने 20 फरवरी 2026 को इन 48 गांवों के शहरीकरण को मंजूरी दी थी. अब MCD की हाउस मीटिंग में प्रस्ताव आने के बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा. शहरीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन गांवों के विकास को दिल्ली की व्यापक शहरी योजना से जोड़ने में मदद मिलेगी. इससे स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के विकास और जमीन के नियोजित इस्तेमाल की दिशा में बदलाव आने की संभावना है.


