वाराणसी: उत्तर प्रदेश की सड़कों पर इन दिनों 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. करीब 200 टन वजनी वेसल लेकर चल रहे इस ट्रक को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट रही है. सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं. ट्रक की खासियत सिर्फ इसके पहियों की संख्या नहीं, बल्कि इसकी बेहद धीमी रफ्तार और इसके लिए तैयार किया जा रहा विशेष रूट भी है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदूषण पर बड़ा एक्शन, 1 नवंबर से लागू होंगे सख्त नियम, गाड़ियों से लेकर निर्माण तक बदलेंगे ये नियम
24 घंटे में सिर्फ 8 से 10 किलोमीटर की रफ्तार
308 पहियों वाले इस ट्रक की रफ्तार सुनकर आपको हैरानी हो सकती है. अत्यधिक वजन और आकार के कारण यह ट्रक करीब 24 घंटे में सिर्फ 8 से 10 किलोमीटर की दूरी तय कर पा रहा है. यही वजह है कि 48 घंटे में भी यह 48 किलोमीटर की दूरी पूरी नहीं कर सका.
ट्रक के आगे एक विशेष टीम चल रही है, जो रास्ते की स्थिति का जायजा लेने के साथ उसके गुजरने के लिए जरूरी इंतजाम कर रही है. कहीं सड़क की स्थिति चुनौती बन रही है तो कहीं पुल और अन्य निर्माण इसके रास्ते में बाधा बन रहे हैं.
बेल्जियम से आया 200 टन का वेसल
यह विशालकाय ट्रक करीब 200 टन वजनी वेसल लेकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वेसल को बेल्जियम से भारत लाया गया था और यह ओडिशा के पारादीप पोर्ट पहुंचा था.
पोर्ट से इसे सड़क मार्ग के जरिए उत्तर प्रदेश के बलरामपुर स्थित चीनी मिल तक पहुंचाया जा रहा है. वेसल के भारी वजन और बड़े आकार को देखते हुए इसे ले जाने के लिए 308 पहियों वाले विशेष मल्टी-एक्सल ट्रक का इस्तेमाल किया गया है.
ओडिशा से यूपी तक पहुंचा ‘बाहुबली’ ट्रक
वेसल लदा ट्रक ओडिशा से निकलकर झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा है. यूपी में इसकी एंट्री चंदौली के रास्ते हुई. चंदौली में रेवसा के पास रिंग रोड पर पुल के कारण इसे पूर्वी सर्विस लेन से निकालने की कोशिश की गई, लेकिन वहां दलदली जमीन के कारण ट्रक आगे नहीं बढ़ सका. इसके बाद इसे पश्चिमी लेन की तरफ ले जाया गया.
वाराणसी में 3 फुटओवर ब्रिज बन रहे बाधा
चंदौली के बाद ट्रक को वाराणसी से होकर गुजरना है. यहां भी इसके लिए रास्ता तैयार करना बड़ी चुनौती है. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रक के निर्धारित रूट में तीन फुटओवर ब्रिज बाधा बन रहे हैं. ट्रक को निकालने के लिए इन फुटओवर ब्रिज के कुछ हिस्सों को हटाने की जरूरत पड़ रही है.
यानी 308 पहियों वाला यह ट्रक सिर्फ अपने आकार के कारण ही चर्चा में नहीं है, बल्कि इसे एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए जिस तरह का रूट मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग प्लान तैयार करना पड़ रहा है, वह भी लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है.
सोशल मीडिया पर छाया 308 पहियों वाला ट्रक
ट्रक जहां-जहां से गुजर रहा है, वहां लोग इसे देखने के लिए जुट रहे हैं. कई लोग इसके साथ तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. कोई इसे ‘बाहुबली ट्रक’ कह रहा है तो कोई इसके विशाल आकार को देखकर हैरान है.
यह भी पढ़ें- Haryana Police Recruitment 2027: हरियाणा पुलिस में 20 हजार भर्तियां, DGP ने बताया पूरा प्लान, 26% खाली पद होंगे भरे
सबसे दिलचस्प बात
308 पहियों वाला यह ट्रक भले ही देखने में बेहद तेज और ताकतवर नजर आता हो, लेकिन 200 टन का भार लेकर इसकी वास्तविक रफ्तार महज 8 से 10 किलोमीटर प्रतिदिन के आसपास बताई जा रही है. यही धीमी रफ्तार इसे आम ट्रकों से बिल्कुल अलग बनाती है.


