UP Weather: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य सरकार भी सतर्क हो गई है और जनसामान्य को सावधानी बरतने की सलाह दी है. अनुमान है कि 31 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है.
राज्य सरकार की ओर से प्रमुख सचिव (राजस्व) ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में खराब मौसम से जुड़ी जानकारी लोगों तक विभिन्न माध्यमों से पहुंचाएं. सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतते हुए अपने दैनिक कार्य करें.
2 अप्रैल से बदलेगी किस्मत! मंगल-शनि की युति से इन राशियों के खुलेंगे भाग्य
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार 15 मार्च 2026 से 28 मार्च 2026 के बीच बेमौसम बारिश और इससे जुड़े घटनाक्रमों में प्रदेश में कुल 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 पशुओं की भी जान गई है. वहीं सहारनपुर और ललितपुर जिलों से मिली रिपोर्ट के अनुसार करीब 1661.75 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है.
लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए राहत आयुक्त कार्यालय ने भी व्यापक स्तर पर प्रयास किए हैं. मौसम से संबंधित रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट की जानकारी “सचेत” ऐप के जरिए करीब 13 करोड़ मैसेज भेजकर आम जनता तक पहुंचाई गई है, जिससे लोग संभावित खतरे से पहले ही सचेत हो सकें.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी लखनऊ सहित करीब 40 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि भी हो सकती है. हवाओं की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है.
विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 29 मार्च की देर शाम से यहां बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो 31 मार्च तक जारी रहने की संभावना है. बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बदायूं, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, आगरा, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली और संभल सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इन इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग ने आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है, जो जान-माल के लिए खतरा बन सकती है. ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
घर की नकारात्मक ऊर्जा कैसे दूर करें? कानपुर के पंडित दिनेश ने बताए आसान उपाय
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा. जहां एक ओर बारिश से तापमान में गिरावट आएगी, वहीं दूसरी ओर तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की घटनाएं चिंता का कारण बन सकती हैं. इसलिए प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना बेहद जरूरी है.


