UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज जल्द ही बदलने वाला है. अभी तक जहां प्रदेश में धुंध और तेज धूप का असर देखने को मिल रहा है, वहीं आने वाले दिनों में आसमान में काले बादल भी नजर आ सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से प्रदेश के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है. इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है. मौसम का यह बदला हुआ मिजाज प्रदेश के दोनों संभागों में करीब 2 से 3 दिनों तक बना रह सकता है. बारिश और तेज हवाओं के बाद तापमान में भी कुछ गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
आसमान से दिखेगा काशी का अद्भुत नजारा, रोपवे किराया प्रस्तावित, ट्रैफिक से मिलेगी बड़ी राहत
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक 12 मार्च को प्रदेश के दोनों संभागों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिली. इसके साथ ही दिन के समय तेज धूप और गर्मी का असर भी लोगों को महसूस हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 मार्च को भी प्रदेश में मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा और तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.
इन जिलों में कैसा रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 12 मार्च को कई जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. जिन जिलों में यह स्थिति देखने को मिली, उनमें वाराणसी, झांसी, ललितपुर, महोबा, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, रायबरेली, अमेठी और गाजियाबाद जैसे जिले शामिल हैं. आगामी दिनों में इन इलाकों में दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रह सकता है.
एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
इस बीच मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 14 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव आएगा. इसके प्रभाव से बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
लखनऊ में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 15 मार्च से राजधानी लखनऊ में भी आसमान में बादल छाने और मौसम के बदले हुए रूप के संकेत मिलने लगेंगे. दिल्ली से सटे नोएडा क्षेत्र में भी तापमान लगभग इसी स्तर पर रहने की संभावना है. हालांकि सुबह के समय वहां हल्की धुंध देखने को मिल सकती है.
भारत में है दुनिया का सबसे बड़ा स्कूल, कभी 5 बच्चों से हुआ था शुरू आज 60 हजार से अधिक छात्र
आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे गर्मी के बीच लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिलने की उम्मीद है.


