Yamuna City 10 New Sectors: ग्रेटर नोएडा के पास विकसित हो रही यमुना सिटी के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने 10 नए सेक्टर विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए प्राधिकरण लैंड बैंक तैयार करेगा. राज्य सरकार पहले ही भूमि खरीद के लिए 2800 करोड़ रुपये जारी कर चुकी है.
अवध विश्वविद्यालय और ठाकुर रामसिंह इतिहास शोध संस्थान के बीच एमओयू, अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
यमुना सिटी में 52 सेक्टर विकसित
यीडा के अनुसार वर्तमान में यमुना सिटी में 52 सेक्टर विकसित किए जा चुके हैं, जबकि 46 नए सेक्टरों के विकास की योजना पर काम चल रहा है. मास्टर प्लान-2041 के तहत पहले चरण में गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के करीब 75 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है. अब तक 35 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र का विकास हो चुका है.
नए सेक्टरों में जापानी सिटी, सिंगापुर सिटी समेत कई अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही इन क्षेत्रों में जलापूर्ति, सीवर और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए सर्विस मास्टर प्लान तैयार कराने हेतु आरएफपी जारी कर आवेदन भी मांगे गए हैं.
यीडा के सीईओ के मुताबिक
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि 10 नए सेक्टरों के लिए लैंड बैंक तैयार किया जाएगा. भूमि खरीद के लिए शासन से पहले ही 2800 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास के सेक्टरों का विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है. वहीं दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) परिवारों और श्रमिकों के लिए किफायती आवास योजना पर भी तेजी से काम हो रहा है. बिरौंडा और पतवाड़ी गांव के पास बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं के लिए जमीन चिन्हित की गई है.
बिरौंडा गांव के पास 18 हजार वर्गमीटर भूमि पर 30 वर्गमीटर आकार के 12 मंजिला फ्लैट बनाए जाने की योजना है. इन फ्लैटों में लिफ्ट की सुविधा के साथ दैनिक जरूरतों की वस्तुओं के लिए दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा. परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट नियोजन विभाग को भेज दी गई है. ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने कहा कि श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के लोगों को कम कीमत पर बेहतर आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
जमीन चिन्हित होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा. यमुना सिटी में तेजी से हो रहे विकास और आगामी सेक्टरों के निर्माण से क्षेत्र में निवेश, रोजगार और आवासीय सुविधाओं को नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.


