Aaj Ka Mausam 6 March: देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले एक सप्ताह के लिए कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. इस दौरान उत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है. मौसम में इस बदलाव के कारण कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा इस मौसम परिवर्तन से सबसे अधिक प्रभावित होने वाले राज्यों में शामिल हैं.
मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च को गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है. वहीं 6 और 7 मार्च को कोंकण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है. इसके अलावा पूर्वोत्तर बांग्लादेश और भारत की सीमा के आसपास निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कई क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
राजस्थान में बड़ा चुनावी बदलाव! अब दो से ज्यादा बच्चों वाले भी लड़ सकेंगे पंचायत और निकाय चुनाव
इन 9 राज्यों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
आईएमडी ने जिन नौ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है उनमें बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और सिक्किम शामिल हैं.
5 से 11 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 7 से 11 मार्च तक और उत्तराखंड में 8 से 11 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
इसी तरह 8 से 11 मार्च के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. ओडिशा में 8 और 9 मार्च को मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 9 मार्च को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी बारिश की संभावना है. वहीं बिहार में 11 मार्च को कुछ इलाकों में मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 8 से 11 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में फिलहाल अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने वाला है. हालांकि तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी का असर बढ़ सकता है. 6 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दोपहर के समय 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में मौसम की स्थिति
उत्तर प्रदेश में 6 मार्च को बारिश की कोई चेतावनी नहीं है और आसमान साफ रहेगा. हालांकि कई जिलों में गर्मी का असर बढ़ सकता है. जिन जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना है उनमें आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, प्रयागराज और फतेहपुर शामिल हैं. कानपुर में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में मौसम का हाल
बिहार में 6 मार्च को बारिश की संभावना कम है, लेकिन पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं. 11 मार्च को कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है. जिन जिलों में बारिश हो सकती है उनमें पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया शामिल हैं. इस दौरान लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तराखंड में मौसम का हाल
उत्तराखंड में 6 मार्च को बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 मार्च के बीच ऊंचाई वाले कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इनमें देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली शामिल हैं. देहरादून में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
हिमाचल प्रदेश में मौसम की स्थिति
हिमाचल प्रदेश में 7 से 11 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश हो सकती है उनमें शिमला, मनाली, कांगड़ा, चंबा और मंडी शामिल हैं. इस बारिश के कारण तापमान में कमी देखने को मिल सकती है. मनाली में आज अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल में मौसम का हाल
पश्चिम बंगाल में 8 से 11 मार्च के बीच बारिश होने की संभावना है. समुद्री इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. जिन जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है उनमें दार्जिलिंग, हुगली, मालदा और मुर्शिदाबाद शामिल हैं. कोलकाता में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में मौसम की स्थिति
झारखंड में 6 मार्च को गर्मी बढ़ने की संभावना है. वहीं 9 मार्च से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. जिन जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है उनमें रांची, पलामू, हजारीबाग और कोडरमा शामिल हैं. रांची में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.


