UP News: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर फैल रही अफवाहों ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे संदेशों में दावा किया जा रहा है कि ईरान-इजरायल युद्ध के कारण जल्द ही तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. इसी आशंका के चलते लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर डीजल-पेट्रोल भरवाने लगे हैं. अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कई जगहों पर अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई.
लखीमपुर खीरी जिले में शुक्रवार सुबह मलूकापुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोग जल्दी से जल्दी डीजल-पेट्रोल लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान ग्राहकों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई. हालात बिगड़ते देख पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बीच-बचाव करना पड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ.
जिले के बिजुआ, पड़रिया तुला, मालपुर, मूड़ा सवारन और रायपुर समेत कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. बाइक, कार और ट्रैक्टर लेकर पहुंचे लोग बड़ी मात्रा में डीजल-पेट्रोल भरवा रहे हैं. कई जगहों पर लोगों ने कैन और ड्रम में भी तेल भरवाना शुरू कर दिया, जिससे पंपों पर भीड़ और बढ़ गई.
तेल संकट की अफवाह से सबसे ज्यादा चिंता किसानों को सता रही है. इस समय कई इलाकों में फसल की कटाई और बुवाई का काम चल रहा है. किसानों का कहना है कि अगर डीजल की आपूर्ति प्रभावित हुई तो ट्रैक्टर और अन्य कृषि उपकरणों का संचालन मुश्किल हो जाएगा, जिससे खेती का काम प्रभावित हो सकता है.
पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार पिछले कुछ घंटों में डीजल-पेट्रोल की मांग अचानक कई गुना बढ़ गई है. सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री काफी अधिक हो रही है. हालांकि पंप मालिकों का कहना है कि फिलहाल तेल की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त स्टॉक मंगाने की व्यवस्था की जा रही है.
पीएम सूर्य घर योजना: घर पर सोलर पैनल लगवाना हुआ आसान, ऐप से तुरंत आवेदन करें
वहीं प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि डीजल-पेट्रोल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है. बावजूद इसके सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और संदेशों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे कई जगहों पर भीड़ और तनाव का माहौल देखने को मिल रहा है.


