UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही तेज गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. आमतौर पर होली के आसपास महसूस होने वाली हल्की ठंड इस बार लगभग खत्म हो चुकी है और मौसम का मिजाज तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय तेज गर्मी का असर साफ महसूस हो रहा है.
इस साल मार्च के शुरुआती दिनों से ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है. रविवार, 8 मार्च को राजधानी लखनऊ, बहराइच समेत प्रदेश के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
मार्च में ही 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान और बढ़ सकता है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. यदि यही स्थिति बनी रहती है तो मार्च के पहले ही सप्ताह में कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है.
बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा जिले में अभी से गर्मी का असर अधिक देखने को मिल रहा है, जहां तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं प्रयागराज, कानपुर और आगरा जैसे शहरों में दोपहर के समय तेज गर्म हवाओं जैसा अहसास होने लगा है, जिससे लोगों को गर्मी की शुरुआत काफी तीखी लग रही है.
रविवार को गोंडा, बहराइच और आसपास के जिलों में सुबह से धूप तो निकली, लेकिन हल्की धुंध भी बनी रही. मौसम केंद्र के अनुसार इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हवा में लगभग 70 प्रतिशत नमी होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है. हालांकि रात के समय तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस तक गिरने से कुछ राहत मिल रही है.
9 और 10 मार्च को आंधी और बूंदाबांदी के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है.
अब मिनटों में तय होगी एटा-कासगंज की दूरी! 428 करोड़ की रेल लाइन को मिली हरी झंडी
खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, आजमगढ़, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, बस्ती और बाराबंकी समेत आसपास के जिलों में 9 और 10 मार्च को धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे बढ़ती गर्मी के बीच लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.


