Aaj Ka Mausam 13 March: देश के अधिकांश हिस्सों में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और लोगों को अप्रैल-मई जैसी गर्मी का अनुभव होने लगा है. बढ़ते तापमान के कारण कई इलाकों में गर्म हवाएं चलने लगी हैं और लू जैसी स्थितियां बनने लगी हैं. हालांकि, इस बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए राहत की संभावना भी जताई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत में 15 मार्च से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. साथ ही कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है.
भारत में है दुनिया का सबसे बड़ा स्कूल, कभी 5 बच्चों से हुआ था शुरू आज 60 हजार से अधिक छात्र
इसी बीच पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है. हिमालयी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम ज्यादातर शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी ओर देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, जिसके चलते कई जगहों पर हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका जताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश की बात करें तो पिछले 72 घंटों के दौरान सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी काफी प्रभावित रही. मार्च के महीने में कोहरे की वापसी ने लोगों को हैरान कर दिया है. हालांकि फिलहाल अधिकांश जिलों में दिन के समय मौसम साफ है और तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में लू की शुरुआत हो सकती है. कई जिलों में अधिकतम तापमान पहले ही 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे दिन के समय तेज गर्मी का अहसास हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है. इन मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. हालांकि विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि इसके बाद तापमान फिर से तेजी से बढ़ सकता है और हीटवेव की स्थिति बन सकती है.
बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी
बिहार में भी मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं. राज्य के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और कुछ क्षेत्रों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च तक पटना, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, बांका, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, गया, मधुबनी, जमुई, अररिया, कटिहार और सुपौल सहित कई जिलों में मौसम प्रभावित रह सकता है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और तड़ित झंझा के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आंधी और ठनका गिरने का खतरा भी बना रहेगा, इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. हालांकि मौसम साफ होने के बाद यहां भी तापमान में बढ़ोतरी और लू चलने की संभावना जताई जा रही है.
दिल्ली एनसीआर में मौसम का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में भी मार्च के शुरुआती दिनों से ही गर्मी का असर दिखाई देने लगा है. तेज धूप के कारण लोगों को दिन के समय काफी गर्मी महसूस हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. शुक्रवार को न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. हालांकि 14 मार्च की रात से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कहीं-कहीं आंधी तथा हल्की बारिश होने की संभावना है. दिल्ली में हवा की रफ्तार अधिक होने के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आने की उम्मीद है, हालांकि कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आनंद विहार में एक्यूआई 315, अलीपुर में 260, बवाना में 255, चांदनी चौक में 243, अशोक विहार में 210 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 200 के आसपास दर्ज किया गया है. वहीं नोएडा में एक्यूआई करीब 270 और लोनी में लगभग 330 रहने का अनुमान है.
आसमान से दिखेगा काशी का अद्भुत नजारा, रोपवे किराया प्रस्तावित, ट्रैफिक से मिलेगी बड़ी राहत
14 और 15 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
राजस्थान में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में हीटवेव के संकेत मिलने लगे हैं. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से 5 से 10 डिग्री तक अधिक है. बाड़मेर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि झुंझुनू के पिलानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. फिलहाल तेज धूल भरी हवाएं चल रही हैं और आने वाले दिनों में इनके और तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है. इससे तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है. हालांकि इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने और लू चलने की आशंका जताई गई है.
पंजाब और हरियाणा में भी बदलेगा मौसम
पंजाब और हरियाणा में भी बढ़ती गर्मी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है. सुबह से ही तेज धूप निकलने और गर्म हवाएं चलने के कारण दिन के समय गर्मी का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान जल्द ही 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जिससे हीटवेव की संभावना बढ़ जाएगी. हालांकि 14 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आ सकता है. इसके कारण कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. चंडीगढ़, फरीदकोट, अमृतसर, पटियाला, लुधियाना, गुरदासपुर, होशियारपुर, बठिंडा, अंबाला, करनाल, भिवानी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, नारनौल और जींद सहित कई जिलों में तापमान पहले ही 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. 15 मार्च के बाद गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए हुए
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम पूरी तरह से बदला हुआ दिखाई दे रहा है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर बारिश तथा बर्फबारी हो रही है. पिछले 48 घंटों में रोहतांग दर्रा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नौर, बारालाचा और शिंकुला जैसे क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है. कुछ स्थानों पर तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि भी देखने को मिली है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तेज हवाओं और बादलों की गतिविधियों के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर बना रहेगा. हालांकि मैदानी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.
उत्तराखंड में बर्फबारी और ओलावृष्टि हो सकती
उत्तराखंड में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल रहा है. कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम में हल्का बदलाव दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 36 से 48 घंटों के दौरान चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है. इन इलाकों में तेज ठंडी हवाओं के कारण ठंड का अहसास बना हुआ है. दूसरी ओर मैदानी जिलों में मौसम साफ है और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के कारण गर्मी का प्रभाव बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 10 दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति भी बन सकती है.
15 और 16 मार्च को एक बार फिर मौसम में बदलाव
जम्मू-कश्मीर में भी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की जा रही है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 12 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है. विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा और बादलों की गतिविधियां बढ़ेंगी. वहीं 17 से 20 मार्च के बीच भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
ओडिशा में मौसम का हाल
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियों के संकेत मिलने लगे हैं. हालांकि इन क्षेत्रों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जगहों पर हीटवेव जैसी स्थिति बनने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ तेज आंधी तथा बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. 12 से 16 मार्च के बीच पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा दक्षिण भारत और महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में भी इन मौसमी गतिविधियों का असर दिखाई दे सकता है.
मौसम विभाग ने बताया कि कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है, जिससे हीटवेव की संभावना बढ़ रही है. मैदानी इलाकों में हीटवेव की स्थिति तब मानी जाती है जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और यह सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री ज्यादा हो. तटीय क्षेत्रों में यह सीमा 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तय की गई है. हीटवेव के दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.
महिलाओं के लिए जरूरी हेल्थ टिप्स, हड्डियों को मजबूत बनाते हैं ये 5 सुपरफूड
गर्मी के मौसम में एक और समस्या सनबर्न की भी होती है. सनबर्न सूरज की तेज पराबैंगनी किरणों के लंबे समय तक संपर्क में आने से होता है. चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है. इसके कारण त्वचा में जलन, लालिमा, सूजन और छाले जैसी समस्या हो सकती है. कई मामलों में त्वचा झुलस जाती है और उसका रंग गहरा दिखाई देने लगता है. इसलिए विशेषज्ञ गर्मियों के मौसम में धूप से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह देते हैं.


