UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने का अलर्ट जारी किया है. हालांकि यह बदलाव पूरे प्रदेश में नहीं, बल्कि कुछ खास क्षेत्रों में अधिक प्रभावी रहेगा.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है. मौसम के इस बदलाव से किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता भी सता रही है.
यूपी में रोजगार का ‘महाकुंभ’, 3 शहरों में लगेगा मेगा जॉब फेयर, 100 से ज्यादा कंपनियां देंगी नौकरी
पश्चिमी यूपी में तेज आंधी और बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है. नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर सहित कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है. इसके अलावा इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है. कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है.
बुंदेलखंड और मध्य यूपी में हल्के बादल
मौसम विभाग के अनुसार बुंदेलखंड और मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में केवल आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है, जबकि बारिश को लेकर फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
42 जिलों में बारिश और 17 जिलों में ओले का अनुमान
मौसम विभाग ने सोमवार को जारी पूर्वानुमान में बताया कि प्रदेश के पूर्वी हिस्सों सहित करीब 42 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है.
इसके अलावा लगभग 17 जिलों में ओले गिरने का भी अनुमान जताया गया है. ऐसे में किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
तेज हवाओं के साथ दो दिन तक रहेगा असर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में हल्की बारिश का दौर शुरू हो चुका है. उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है.
19 मार्च से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के मुताबिक 19 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसका असर प्रदेश के बड़े हिस्से में देखने को मिल सकता है. इस वजह से आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है.
बढ़ते तापमान से हीटवेव के संकेत
प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज के बीच तापमान भी लगातार बढ़ रहा है. फिलहाल कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. तापमान में इस तेजी से बढ़ोतरी के कारण कई स्थानों पर लू (हीटवेव) जैसे हालात बनने के संकेत मिलने लगे हैं. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और हवाओं के कारण कुछ समय के लिए तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.


