UP News: ब्रज प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मथुरा के वृंदावन में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात की. यह भेंट राधा केली कुंज आश्रम में हुई, जहां दोनों के बीच करीब 27 मिनट तक संवाद चला. आश्रम पहुंचने पर संत प्रेमानंद जी महाराज ने ‘राधे-राधे’ कहकर राष्ट्रपति का स्वागत किया.
मुलाकात के दौरान आध्यात्म, समाज और ब्रज की परंपराओं को लेकर विस्तार से बातचीत हुई. इस दौरान प्रेमानंद महाराज ने नाम जप की महत्ता पर जोर देते हुए इसे जीवन के उद्धार का सरल मार्ग बताया. राष्ट्रपति ने भी संत के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना. आश्रम की ओर से राष्ट्रपति को प्रसाद स्वरूप दुपट्टा, माला और प्रसाद भेंट किया गया. इस दौरान राष्ट्रपति अपने परिवार के साथ मौजूद रहीं. यह मुलाकात पूरी तरह आध्यात्मिक और सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी कब होगी? सपा सांसद के पिता तुफानी सरोज ने बताई नई डेट
प्रेम मंदिर में किए दर्शन
दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन ने प्रेम मंदिर पहुंचकर भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन किए. मंदिर में उनका प्रवेश भोग घर द्वार से हुआ, जहां मंदिर प्रबंधन ने उनका स्वागत किया. गर्भगृह में पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुईं. उस समय संकीर्तन मंडली द्वारा भजन गाए जा रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. राष्ट्रपति ने मंदिर में आयोजित लेजर शो भी देखा और प्रसाद ग्रहण करने के बाद मंदिर परिसर की परिक्रमा की.
प्रथम तल पर भी पूजा-अर्चना
प्रेम मंदिर के प्रथम तल पर राष्ट्रपति और राज्यपाल ने श्री सीता-राम सहित अन्य विग्रहों के दर्शन किए. वहां भी उन्होंने विधिपूर्वक पूजा की और परिक्रमा की. मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह और धार्मिक साहित्य भेंट किया गया.
इस्कॉन मंदिर में भी दर्शन
अपने कार्यक्रम के अगले चरण में राष्ट्रपति ने ISKCON मंदिर वृंदादव का दौरा किया. यहां मंदिर के संतों और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. राष्ट्रपति ने भगवान कृष्ण-बलराम के दर्शन किए और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की. उन्होंने पूजा सामग्री अर्पित की और कुछ समय ध्यान भी लगाया. मंदिर परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य को उन्होंने सराहा और कीर्तन का आनंद लिया.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पूरे वृंदावन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही. मंदिर परिसरों में व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गईं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
खास रही मुलाकात
ब्रज प्रवास के दूसरे दिन की शुरुआत संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के साथ हुई, जिसने इस दौरे को खास बना दिया. यह मुलाकात आस्था और संवाद का सुंदर उदाहरण रही, जहां देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद और संत परंपरा के बीच सहज संवाद देखने को मिला.


