नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण पार्ट-1’ को 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में खास जगह मिली है. नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी यह फिल्म फेस्टिवल के BRICS सेक्शन की ओपनिंग फिल्म होगी. वहीं, रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ इंडियन पैनोरमा सेक्शन की ओपनिंग फीचर फिल्म के रूप में दिखाई जाएगी.
गोवा में 20 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस फिल्म महोत्सव की शुक्रवार को कर्टेन रेजर प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. इस दौरान फेस्टिवल की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई.
11 देशों की फिल्मों के साथ खुलेगा BRICS सेक्शन
प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, BRICS सेक्शन में सभी 11 सदस्य देशों की फिल्मों के साथ साझेदार देशों की चुनिंदा फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी. ‘रामायण पार्ट-1’ इस सेक्शन की शुरुआत करेगी. इसके जरिए दर्शकों को अलग-अलग देशों की सिनेमाई परंपराओं और कहानियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा.
‘रामायण’ में रणबीर कपूर निभा रहे भगवान राम का किरदार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे. यश रावण और साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं. वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे.
फिल्म का संगीत एआर रहमान और ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर ने तैयार किया है. फिल्म के दूसरे भाग को 2028 में रिलीज किए जाने की योजना है.
‘धुरंधर’ से होगी इंडियन पैनोरमा की शुरुआत
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ को भी IFFI 2026 में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. यह इंडियन पैनोरमा सेक्शन की ओपनिंग फीचर फिल्म होगी. इस सेक्शन में समकालीन भारतीय सिनेमा की विविधता और रचनात्मकता को प्रदर्शित किया जाएगा.
86 देशों की 159 फिल्में होंगी प्रदर्शित
इस साल IFFI में करीब 1400 फिल्मों की प्रविष्टियों में से 86 देशों की 159 फिल्मों का चयन किया गया है. फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्म पोलिश फिल्ममेकर पावेल पावलिकोव्स्की की ‘फादरलैंड’ होगी. पावलिकोव्स्की ‘इडा’ और ‘कोल्ड वॉर’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. उन्हें 79वें कान फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार भी मिला था.
फेस्टिवल में तीन प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. इनमें इंटरनेशनल कॉम्पिटिशन, बेस्ट डेब्यू फीचर फिल्म कॉम्पिटिशन और ICFT-UNESCO गांधी मेडल शामिल हैं. इसके अलावा डिजिटल मनोरंजन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बेस्ट वेब सीरीज (OTT) अवॉर्ड भी दिया जाएगा.
गोवा के मुख्यमंत्री ने कही यह बात
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि राज्य दुनिया भर के फिल्ममेकर्स और सिनेमा प्रेमियों के स्वागत के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि हर साल नवंबर में गोवा कहानीकारों और सिनेमा से जुड़े लोगों का एक जीवंत केंद्र बन जाता है.
इस बार IFFI की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ रखी गई है. इसका उद्देश्य यह दिखाना है कि सिनेमा किस तरह भाषा, संस्कृति और भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़कर लोगों को साझा भावनाओं और कहानियों से जोड़ता है. 20 नवंबर से शुरू होने वाला यह महोत्सव दुनियाभर के फिल्मकारों और सिनेमा प्रेमियों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा.
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में बनेगा नया औद्योगिक क्षेत्र, यूपीसीडा ने शुरू की जमीन की तलाश, लेखपालों से मांगे प्रस्ताव
यह भी पढ़ें- जेवर एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार की तैयारी तेज, 6 गांवों में 3279 परिवार होंगे प्रभावित, 23 से 28 नवंबर तक जनसुनवाई


