नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में छठ महापर्व की धूम है. रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोनिया विहार घाट पहुंचीं और छठ पूजा के अवसर पर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने सोनिया विहार बोट क्लब में नाव की सवारी भी की. घाट से सामने आए दृश्यों में रेखा गुप्ता छठ व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना करती नजर आईं.
इससे पहले मुख्यमंत्री ने राजधानी के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होने और प्रत्येक परिवार के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
CM रेखा गुप्ता बोलीं- प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है छठ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अद्भुत प्रतीक है. उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति के श्रेष्ठ मूल्यों को दर्शाता है.
मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी व्रतियों की प्रार्थनाएं स्वीकार करने तथा उनके परिवारों को सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद देने की कामना की.
अरविंद केजरीवाल और अधीर रंजन चौधरी ने भी दी बधाई
छठ महापर्व के अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करने तथा उनके घर-आंगन को खुशियों से भरने की प्रार्थना की.
वहीं, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी छठ पूजा की बधाई देते हुए सभी परिवारों के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की. उन्होंने छठ को सूर्य उपासना, आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक सद्भाव का महापर्व बताया.
दिल्ली में 1400 से अधिक छठ घाटों पर इंतजाम
छठ महापर्व को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में 1,400 से अधिक छठ घाटों पर व्यापक तैयारियां की हैं. रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार सुबह उगते सूर्य की उपासना के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.
सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यमुना नदी के किनारे बने प्रमुख घाटों के अलावा उत्तर दिल्ली में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट भी विकसित किया गया है. यहां श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए इंतजाम किए गए हैं.
घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. सरकार का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ महापर्व मना सकें.
13 से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा छठ महापर्व
चार दिवसीय छठ महापर्व इस साल 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जा रहा है. यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की उपासना को समर्पित है. इसमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की जाती है.
रविवार को व्रतियों ने डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया. वहीं, सोमवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा.
यह भी पढ़ें- कभी नक्सलवाद और हिंसा के लिए जाना जाता था बस्तर, अब खेल और शिक्षा से बदल रही पहचान: नितिन नवीन
यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर राज ठाकरे को प्रशांत किशोर का जवाब, बोले- ‘उनकी कोई राजनीतिक हैसियत नहीं, महाराष्ट्र में बेखौफ मनाएं पर्व’


