Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट ले चुका है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है. 26 मार्च से शुरू हुए इस बदलाव का असर आने वाले कई दिनों तक देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनके साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कई इलाकों में आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है.
दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही शुरू हो चुकी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है. अगले 24 घंटों के दौरान यहां बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी. तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है.
नींबू-मिर्च लगाने का सही तरीका क्या है? कानपुर के पंडित दिनेश ने बताया
राजस्थान में भी मौसम पूरी तरह बदल गया है. बीकानेर सहित कई क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में आंधी और बारिश दर्ज की गई है. 28 मार्च से राज्य के जोधपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और अन्य संभागों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यह सिलसिला 30 मार्च तक जारी रह सकता है.
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है. पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में 27 से 29 मार्च के बीच आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. कई स्थानों पर ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा भी है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है.
बिहार में आज रात से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है. करीब 12 जिलों में आंधी, बारिश और ठनका गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पटना, गया और भागलपुर जैसे जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक बढ़ेगी.
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय है. तमिलनाडु के तटीय इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण के कारण तेज बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में अगले तीन दिनों तक तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
घर की नकारात्मक ऊर्जा कैसे दूर करें? कानपुर के पंडित दिनेश ने बताए आसान उपाय
इस समय देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं, जिससे लोगों को गर्मी और हीटवेव से अस्थायी राहत मिल सकती है. हालांकि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहना बेहद जरूरी है.


