UP Weather: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है. मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गाजियाबाद सहित आसपास के जिलों में आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदलेगा. इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
रविवार को गाजियाबाद में सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए. इसके चलते आंधी जैसे हालात बन गए. तापमान की बात करें तो रविवार को अधिकतम तापमान लगभग 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
कहीं वो भी आपसे प्यार तो नहीं करती? पहचानें लड़कियों के ये छुपे हुए इशारे
मौसम के इस बदलाव के बीच वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है. गाजियाबाद में रविवार शाम औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 165 दर्ज किया गया, जो रेड जोन में आता है और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के जिलों में अगले चार दिनों तक मौसम अस्थिर रहेगा. इस बदलाव की शुरुआत 29 मार्च की शाम से हो चुकी है और धीरे-धीरे इसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा.
मेरठ में भी मौसम का यही हाल है. यहां रविवार को सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही. 30 मार्च को मेरठ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण यहां भी मौसम तेजी से बदलेगा.
विशेषज्ञों के अनुसार 30 मार्च से मौसम की गतिविधियां और तेज हो जाएंगी. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश का दायरा बढ़ेगा और हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कई क्षेत्रों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.
पूर्वानुमान के मुताबिक 30 मार्च को पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी. कुछ स्थानों पर तेज बौछारें और आंधी भी देखने को मिल सकती है. वहीं 31 मार्च को गाजियाबाद और मेरठ सहित पश्चिमी जिलों में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
2 अप्रैल से बदलेगी किस्मत! मंगल-शनि की युति से इन राशियों के खुलेंगे भाग्य
1 अप्रैल को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है. इस दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना बनी हुई है.
इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है. हाल ही में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ था. ऐसे में यदि दोबारा इसी तरह का मौसम बनता है, तो किसानों की बची हुई फसल को भी भारी नुकसान हो सकता है.


