Aaj Ka Mausam: देशभर में अगले सप्ताह से गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने से मौसमी गतिविधियां थम गई हैं. इसके चलते दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास तेज होगा. हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्के बादल और बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक पहाड़ी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाएं, बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने से तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है.
निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण का असर देखने को मिलेगा. इसके चलते तमिलनाडु, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं. वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में तूफानी हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. देश के अन्य हिस्सों में लू की शुरुआत होने की आशंका जताई गई है.
बिहार का मौसम
बिहार में मौसम धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है. सप्ताह की शुरुआत में आंधी-बारिश से तापमान सामान्य रहा, लेकिन अब इसमें बढ़ोतरी की संभावना है. पटना और अरवल सहित कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शुष्क हवाएं चल सकती हैं. अगले 3-4 दिनों में तापमान 5 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके बाद लू की स्थिति बन सकती है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य है. आंधी-बारिश की गतिविधियां थम चुकी हैं और तेज धूप का असर बढ़ रहा है. दिन के समय 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने से वातावरण में रूखापन महसूस होगा. तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जहां न्यूनतम 20 से 25 डिग्री और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सप्ताह के अंत तक लू की स्थिति बनने के संकेत हैं.
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ है और बीच-बीच में धूप-छांव बनी हुई है. अगले 24 घंटों में तापमान बढ़ने की संभावना है. रविवार को अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 19 से 21°C रहने का अनुमान है. 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार हो सकता है. सीपीसीबी के अनुसार AQI करीब 130 के आसपास रह सकता है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में 11 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है. इसके असर से जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग में बादल छाने और कहीं-कहीं आंधी-बारिश की संभावना है. फिलहाल धूप-छांव के चलते तापमान नियंत्रित रहेगा, लेकिन बाद में गर्मी और लू का असर बढ़ सकता है.
उत्तराखंड का मौसम
उत्तराखंड में अगले 4 दिनों तक मौसम ठंडा बना रहेगा. चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में 12, 13, 16 और 17 अप्रैल को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. शिमला, कांगड़ा, कुल्लू सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है.
जम्मू-कश्मीर का मौसम
जम्मू-कश्मीर में नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 5 दिनों तक मौसम बदला रहेगा. तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी. 16-17 अप्रैल को मौसम में फिर बदलाव होगा, जबकि 18 से 20 अप्रैल के बीच मौसम साफ रहने की संभावना है.
दिल थामकर बैठिए! यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं के मार्क्स अपलोड, इस दिन आएगा रिजल्ट
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. आकाशीय बिजली और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. वहीं दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भी आंशिक मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है, जहां मैदानी इलाकों में गर्मी और लू का असर बढ़ेगा, वहीं पहाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा.


