Nuh Expressway accident: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के पुलिस महकमे के लिए एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. हरियाणा के नूंह जिले में केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जालौन में तैनात दो सब-इंस्पेक्टर, सर्विलांस सेल के दो सिपाही और एक मुकदमा वादी समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
अपहरण केस में दबिश देने जा रही थी टीम
मंगलवार को हुए इस हादसे ने पूरे जालौन जिले को गहरे शोक में डुबो दिया. जानकारी के अनुसार, जालौन की एसओजी (SOG) और सर्विलांस टीम स्कॉर्पियो कार से हरियाणा के नूंह इलाके में एक अपहरण मामले में दबिश देने जा रही थी. इसी दौरान केएमपी एक्सप्रेसवे पर एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
सावधान! अगर राजस्थान में रहते हैं और नहीं है SSO ID, तो हाथ से निकल सकते हैं ये बड़े फायदे
ओवरटेक के दौरान बेकाबू हुई स्कॉर्पियो की सामने से आ रही गाड़ी से भिड़ंत
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि शव गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए थे. नूंह पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कटर की मदद से गाड़ी को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया.
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सब-इंस्पेक्टर मोहित यादव, सब-इंस्पेक्टर सत्यभान, सिपाही प्रदीप, सिपाही अशोक और एक मुकदमा वादी के रूप में हुई है.
राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
बुधवार सुबह सभी दिवंगत पुलिसकर्मियों के पार्थिव शरीर उरई स्थित पुलिस लाइन लाए गए, जहां गमगीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी गई. सुबह करीब 10 बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ शहीदों को अंतिम सलामी दी गई.
इस दौरान डीजी आलोक सिंह, झांसी रेंज के आईजी आकाश कुलहरी, जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
मृतकों के परिवारों में मातम पसरा
सभी ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. अंतिम सलामी के बाद सभी पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक गांवों के लिए रवाना कर दिया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है. वरिष्ठ अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.


