Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक खुशियों भरा घर देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम में बदल गया. जहां पर यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. जिस घर में एक दिन पहले बेटी की शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब अपनों के बिछड़ने का दर्द पसरा हुआ है.
कब की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है, बता दें कि कुतुबपुर पटिया में यमुना नदी में सवारियों से भरी नाव पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. नाव में महिला और बच्चों समेत करीब 10 लोग सवार थे. स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि कई लोग नदी में लापता हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
आम के साथ ये 5 चीजें खाईं तो पड़ सकते हैं बीमार! जानिए सही तरीका
अभी भी कई लोगों की तलाश जारी
हादसे में अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं. SDRF और NDRF की टीमों ने महिला बृजरानी के बाद करीब 14 वर्षीय किशोरी का शव नदी से बरामद किया है. अभी भी कई लोगों की तलाश जारी है. मौके पर SDRF, NDRF, फ्लड PAC और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक
कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव के मजरा कुतुबपुर पटिया में मंगलवार को श्रीपाल की बेटी की शादी थी. शादी के बाद बुधवार को लड़की की विदाई हुई. इसके बाद रिश्तेदार और परिजन नाव से यमुना नदी पार कर तरबूज खाने गए थे. बताया गया कि लौटते समय नाव चला रहा युवक मोबाइल फोन पर बात करने लगा, तभी नाव का संतुलन बिगड़ गया और बीच नदी में पलट गई. हादसे के बाद नाव में सवार लोग यमुना में डूबने लगे. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
सावधान! कहीं आप गलत पैकेट वाला दूध तो नहीं पी रहे? जानें नीले और नारंगी पैकेट का असली सच
गांव में शोक का माहौल
एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था. गोताखोरों के साथ NDRF की टीम को भी लगाया गया है. प्रशासन लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. बताया गया कि नाव में रानी, आकांक्षा, बृजरानी, लव्यांश, गोरेलाल, आदित्य, विष्णु, रिंकू और पारुल समेत कई लोग सवार थे. इनमें से कुछ लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है.


