Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर और दक्षिण भारत के अधिकांश राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो दूसरी ओर कई राज्यों में आंधी, तेज बारिश और तूफान का खतरा भी बना हुआ है. मौसम विभाग ने देश के 10 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी गर्मी
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 15 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 16 मई को भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रहेगा. 17 मई से गर्मी और तेज होने की संभावना जताई गई है. इस दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 18 और 19 मई को भी तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने की सलाह दी है. हालांकि हल्के बादलों के कारण शाम के समय थोड़ी राहत मिल सकती है.
भारत के Solar और IT सेक्टर पर चीन की नजर! WTO में India के खिलाफ नया विवाद बढ़ा
मध्य प्रदेश में लू और बारिश दोनों का असर
ध्य प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल सकते हैं. प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलेगी, जबकि कुछ इलाकों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार छतरपुर जिले के खजुराहो में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है. वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 16 मई को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश का बड़ा हिस्सा इस समय ‘हीट जोन’ में बना हुआ है. अगले 24 घंटों के लिए इंदौर, रतलाम, उज्जैन, धार, देवास और गुना जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर प्रदेश में हीट वेव का असर
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. पश्चिमी यूपी में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी, जबकि पूर्वी हिस्सों में उमस का असर महसूस किया जाएगा. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है. अगले कुछ दिनों में प्रदेश में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है.
बिहार में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर
बिहार में भी मौसम पूरी तरह गर्म बना हुआ है. पटना, गया और भागलपुर समेत कई शहरों में तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. हालांकि कुछ इलाकों में शाम के समय हल्के बादल और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के कारण बिजली और पानी की मांग बढ़ सकती है.
राजस्थान में 45 डिग्री के पार तापमान
राजस्थान के कई इलाके इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं. फलौदी में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में 45.1 डिग्री, श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री और बीकानेर में 44.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और जोधपुर में 44 डिग्री, कोटा में 43.3 डिग्री, पिलानी में 43 डिग्री, चूरू में 42.8 डिग्री और जयपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. अगले 48 घंटों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है, लेकिन 17 मई से फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है.
झारखंड में सरकार अलर्ट मोड पर
झारखंड में ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं को लेकर राज्य सरकार अलर्ट पर है. मौसम की स्थिति और फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है. आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है. भारी बारिश और खराब मौसम से किसानों को नुकसान होने की संभावना बनी हुई है.
उत्तराखंड और हिमाचल में राहत भरा मौसम
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बढ़ रहा है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. देहरादून और हल्द्वानी में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे पहाड़ी इलाकों में हल्की ठंडी हवाएं लोगों को राहत देंगी. कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है.
महाराष्ट्र और गुजरात में उमस बढ़ाएगी परेशानी
महाराष्ट्र और गुजरात में भी गर्मी और उमस का असर लोगों को परेशान करेगा. अहमदाबाद और सूरत में गर्म हवाएं चल सकती हैं, जबकि मुंबई और पुणे में उमस भरा मौसम बना रहेगा. समुद्री इलाकों में नमी बढ़ने के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. विदर्भ क्षेत्र में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर तमिलनाडु में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 15 मई को कोयंबटूर जिले के घाट क्षेत्रों और नीलगिरि में भारी बारिश की संभावना जताई है.
कहीं आप भी नकली सरसों तेल तो नहीं खरीद रहे? घर पर ऐसे करें असली और मिलावटी तेल की पहचान
16 मई को थेनी जिले और नीलगिरि में तेज बारिश हो सकती है. वहीं 17 मई को भी नीलगिरि में बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने 19 मई तक पश्चिमी और घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को भीषण गर्मी और खराब मौसम दोनों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.


