UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय बाहर निकलना भी चुनौती बन गया है. कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और लोग गर्म हवाओं से परेशान हैं. हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
Bihar सरकार का अनोखा आदेश बना चर्चा का विषय
कई जिलों में आंधी-तूफान का असर
बीते मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और तूफान देखने को मिला. कई जगहों पर पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे भी टूट गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. बुधवार सुबह सोनभद्र जिले में बारिश शुरू हुई, जिसके बाद मौसम सुहावना हो गया. मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मई को उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश होने के आसार हैं.
हालांकि 27 मई को भी कई जिलों में हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है.
मथुरा में तेज आंधी से बड़ा हादसा
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में भरतपुर-मथुरा मार्ग पर तेज आंधी के चलते बड़ा हादसा हो गया. अचानक आए तूफान और धूल भरी आंधी के कारण सड़क किनारे खड़े कई पेड़ चलती गाड़ियों पर गिर पड़े. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
बताया जा रहा है कि कुछ वाहन पेड़ों के नीचे दब गए थे. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया.
बांदा और आगरा समेत कई जिलों में हीट वेव अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, महोबा, झांसी, हमीरपुर, जालौन और आगरा में हीट वेव और वार्म नाइट को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा ललितपुर, प्रयागराज, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर, औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, गाजियाबाद और कई अन्य जिलों में भी गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है. वहीं फिरोजाबाद, महामायानगर और मथुरा में हीट वेव और वार्म नाइट को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है.
28 मई को बारिश और आंधी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. गाजीपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, प्रयागराज, कौशांबी, लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर, जौनपुर और ललितपुर समेत कई जिलों में गर्जन के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Saharanpur Vande Bharat को लेकर क्यों बढ़ रही चर्चा?
लखनऊ, नोएडा और वाराणसी में ऑरेंज अलर्ट
इसके अलावा चित्रकूट, बांदा, झांसी, फतेहपुर, कानपुर देहात, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मथुरा, बरेली, गोरखपुर, बस्ती और कई अन्य जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.


