Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में एयरपोर्ट के पास 500 हेक्टेयर जमीन पर आधुनिक टाउनशिप ‘एयरोसिटी’ बसाने की कवायद तेज हो गई है. उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त को मंजूरी दे दी है. प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) को उम्मीद है कि अगले एक से दो सप्ताह के भीतर इसका शासनादेश (Government Order) जारी हो जाएगा, जिसके तुरंत बाद जमीन अधिग्रहण और खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.
100 करोड़ रुपये की पहली किस्त मंजूर
एयरपोर्ट के पास लगभग 500 हेक्टेयर भूमि पर नई एयरोसिटी टाउनशिप विकसित करने की योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है. इसके लिए 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त स्वीकृत की गई है. परियोजना को अर्बन चैलेंज फंड के तहत विकसित किया जाएगा और सरकार कुल अनुमानित लागत का लगभग 25 प्रतिशत वहन करेगी, जिससे प्रारंभिक कार्यों को गति मिलेगी.
पहले चरण में कितना होगा खर्च?
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने इस टाउनशिप के पहले चरण के लिए करीब 417 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान तैयार किया है. प्राधिकरण ने सरकार से 100 करोड़ रुपये की मांग की थी, जिसे मंजूरी मिल चुकी है. योजना है कि शुरुआत 500 हेक्टेयर से होगी और बाद में इसे चरणबद्ध तरीके से 1000 हेक्टेयर तक विस्तारित किया जाएगा.
100 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों ने सहमति दे दी
प्रस्तावित टाउनशिप क्षेत्र में कई गांव शामिल हैं, जहां वर्तमान में सड़क, पुल और बुनियादी सुविधाओं की कमी है. जमीन अधिग्रहण को लेकर प्रक्रिया धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है. लगभग 100 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों ने सहमति दे दी है, जबकि अन्य गांवों के किसान भी प्राधिकरण के संपर्क में हैं और बातचीत जारी है.
रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
स्थानीय ग्रामीणों को बताया गया है कि इस टाउनशिप के बनने से क्षेत्र में विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. परियोजना के तहत आसपास के युवाओं को नौकरी मिलने की संभावना जताई जा रही है. प्रशासन का मानना है कि बुनियादी ढांचे के विकास से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और शहरीकरण को नई दिशा मिलेगी.
नई एयरोसिटी में न्यायखंड, टेक्नोलॉजी पार्क और साहित्यिक खंड जैसे विशेष क्षेत्र विकसित किए जाएंगे. इसके साथ अस्पताल, शिक्षण संस्थान, बैंक, डाकघर, बाजार, खेल मैदान, होटल और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं भी बनाई जाएंगी. बहुमंजिला ग्रुप हाउसिंग, आवासीय और व्यावसायिक प्लॉट भी योजना का हिस्सा होंगे.
जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू
परियोजना में मेट्रो रेल रूट को एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना भी शामिल है, जिससे आवागमन आसान होगा. पीडीए के अनुसार पहली किस्त मिलने के बाद जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. वहीं ग्रुप हाउसिंग के लिए 67 बिल्डरों ने आवेदन किया है और ई-नीलामी की अंतिम तिथि 22 जून तय की गई है, जिससे निवेशकों की रुचि साफ दिख रही है.


