Ayodhya News: डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग के लिए यह अत्यंत गौरव और उपलब्धि का क्षण है. विभाग के एमबीए एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट के 35 से अधिक छात्रों का चयन प्रतिष्ठित कृषि एवं एग्री-इनपुट कंपनियों में ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप के लिए हुआ है.
राष्ट्रीय स्तर पर अवध विश्वविद्यालय की दमदार दस्तक, EduRank 2026 में मिली बड़ी सफलता
विशेष बात यह है कि इन सभी छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान आकर्षक मासिक स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग द्वारा छात्रों को उद्योग जगत से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
इसी कड़ी में इस वर्ष एमबीए एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट के विद्यार्थियों को देश की अग्रणी कृषि कंपनियों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला है. डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया की चयनित छात्रों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर प्राप्त हुए हैं.
इनमें 5 छात्रों का क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड में 22,000 रुपये प्रति माह, 3 छात्रों का नवचेतना एग्रो में 20,000 रुपये प्रति माह, 3 छात्रों का वीएनआर सीड्स का 12,000 रुपये प्रति माह, 16 छात्रों का यूपीएल लिमिटेड में 10,000 रुपये प्रति माह, 7 छात्रों का बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी में 8,000 प्रति माह, 2 छात्रों का चयन एग्रीकलिनिक, तथा 18 छात्रों ने स्वचयनित कंपनी में इंटर्नशिप करने का आग्रह किया है. शेष बचे 6 छात्रों को भी जल्द इंटर्नशिप मिलने की उम्मीद है.
विभाग के प्रोफेसर हिमांशु शेखर सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप छात्रों के शैक्षणिक जीवन और पेशेवर जीवन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है. वहीं विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्र कुमार वर्मा ने इस उपलब्धि को विभाग के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण बताया.
उन्होंने कहा कि व्यवसाय एवं प्रबंधन विभाग हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहा है. उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे विभाग के शिक्षक एवं प्रशिक्षण-नियोजन गतिविधियों से जुड़े डॉ. राकेश कुमार मिश्रा तथा एमबीए एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट की प्लेसमेंट टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
नोएडा में हाजीपुर से सेक्टर-93A तक बनेगा 3 किलोमीटर लंबा मॉडल रोड, 35 करोड़ रुपये होंगे खर्च
विद्यार्थियों ने विभाग के शिक्षकों, प्लेसमेंट टीम और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. छात्रों का कहना है कि इस अवसर से उन्हें उद्योग जगत की कार्य संस्कृति, व्यावसायिक चुनौतियों और आधुनिक कृषि व्यवसाय के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा. साथ ही उन्हें अपने शैक्षणिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप में लागू करने का मौका भी प्राप्त होगा. कृषि क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी और व्यावसायिक परिवर्तनों के बीच एग्री बिजनेस मैनेजमेंट की भूमिका लगातार बढ़ रही है. ऐसे में छात्रों को अग्रणी कंपनियों में प्रशिक्षण प्राप्त होना उनके करियर को नई दिशा प्रदान करेगा.


