IRCTC Ticket Booking: दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेन टिकटों की बढ़ती मांग के बीच IRCTC की ऑनलाइन टिकट बुकिंग को लेकर यात्रियों की परेशानियों पर रेलवे ने सफाई दी है. IRCTC ने स्पष्ट किया है कि 10 नवंबर की सुबह उसका ऑनलाइन रिजर्वेशन पोर्टल बंद नहीं हुआ था. हालांकि, एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर पहुंचने के कारण कुछ लोगों को लॉगिन करने और टिकट बुक करने में देरी का सामना करना पड़ा था. IRCTC के मुताबिक, अब सभी माध्यमों से ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं.
10 से 10:40 बजे तक वेबसाइट बंद होने का दावा गलत
दरअसल, 10 नवंबर की सुबह ऑनलाइन रेलवे टिकट बुक करने पहुंचे कई यात्रियों को परेशानी हुई थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर IRCTC की वेबसाइट और टिकट बुकिंग सिस्टम पूरी तरह ठप होने की खबरें और स्क्रीनशॉट वायरल होने लगे. कुछ दावों में कहा गया कि सुबह 10 बजे से 10:40 बजे तक टिकट बुकिंग सेवा बंद रही.
इन खबरों पर IRCTC ने सफाई देते हुए कहा कि ये दावे वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाते. रिजर्वेशन पोर्टल लगातार चालू था, लेकिन अचानक बढ़े ट्रैफिक के कारण कुछ यात्रियों को अस्थायी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
दिवाली-छठ पर क्यों बढ़ जाता है टिकट बुकिंग का दबाव?
IRCTC के मुताबिक, त्योहारों के मौसम में रेलवे टिकटों की मांग काफी बढ़ जाती है. खासकर दिवाली और छठ पूजा के दौरान लाखों यात्री एक साथ अपने घर जाने और वापसी की यात्रा के लिए टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं.
पीक बुकिंग घंटों में वेबसाइट और मोबाइल एप्लीकेशन पर अचानक ट्रैफिक बढ़ने से लॉगिन में देरी और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. हालांकि, IRCTC ने इन समस्याओं को अस्थायी बताया है और कहा है कि इससे पूरी आरक्षण व्यवस्था बंद नहीं हुई थी.
89 फीसदी रिजर्व टिकटों की ऑनलाइन होती है बुकिंग
IRCTC भारतीय रेलवे की ऑनलाइन टिकट आरक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. कंपनी के मुताबिक, रेलवे के करीब 89 फीसदी आरक्षित टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक किए जाते हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि देशभर में करोड़ों यात्रियों की यात्रा योजनाएं इस डिजिटल व्यवस्था पर निर्भर हैं.
सिस्टम को बेहतर बनाने पर काम कर रहा IRCTC
IRCTC ने कहा है कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित टिकट बुकिंग अनुभव देने के लिए वेबसाइट, मोबाइल एप्लीकेशन और तकनीकी ढांचे में लगातार सुधार किया जा रहा है. बढ़ती मांग को देखते हुए नियमित तकनीकी अपग्रेड और अन्य बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि त्योहारों और अधिक ट्रैफिक वाले समय में भी यात्रियों को कम से कम परेशानी हो.
फिलहाल IRCTC ने पुष्टि की है कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. ऐसे में यात्रियों को सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों के बजाय आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी जाती है.
यह भी पढ़ें- यूपी से बंगाल पहुंचना होगा आसान! 73 हजार करोड़ से बनेगा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, 164 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित
यह भी पढ़ें- ग्रेनो वेस्ट के 8 लाख लोगों को बड़ी सौगात! एक्वा मेट्रो विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी, 1500 करोड़ से बनेंगे 5 स्टेशन


