नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 नवंबर को कर्नाटक और गुजरात के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह बेंगलुरु और मैसूर में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन और बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे.
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने कर्नाटक दौरे की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे. इसके अलावा विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और मैसूर में COSMOS-Mysuru Planetarium का उद्घाटन करेंगे.
प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे और लोगों को संबोधित करेंगे. 13 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस समारोह की थीम ‘विकसित भारत 2047’ रखी गई है.
वर्ष 1975 में स्थापित प्रशांति कुटीरम का उद्देश्य आधुनिक विज्ञान और भारत की आध्यात्मिक ज्ञान परंपरा को एक साथ जोड़ना है. यहां स्थित एस-व्यास (S-VYASA) को 2002 में डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिला था. यह संस्थान योग शिक्षा और शोध के क्षेत्र में काम करता है.
बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन
प्रधानमंत्री बेंगलुरु में करीब 3,470 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे. यह लाइन कलेना अग्रहारा से तवारेकेरे तक विकसित की गई है. इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन और यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा कर्नाटक में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई ट्रांसमिशन योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. कोप्पल-II और गडग-II में करीब 4,450 करोड़ रुपये की परियोजना के जरिए लगभग 2 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रिड तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
बिदर में करीब 1,370 करोड़ रुपये की सौर ऊर्जा ट्रांसमिशन परियोजना का भी उद्घाटन होगा. इसके तहत 2.5 गीगावाट सौर ऊर्जा के संचरण की सुविधा विकसित की गई है.
देश की सबसे बड़ी भूमिगत LPG भंडारण सुविधा का लोकार्पण
पीएम मोदी मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार भारत की सबसे बड़ी भूमिगत LPG भंडारण गुफा देश को समर्पित करेंगे. इसकी भंडारण क्षमता 80 हजार मीट्रिक टन है.
इस परियोजना में न्यू मंगलुरु पोर्ट से मुख्य टर्मिनल को जोड़ने वाली 9.4 किलोमीटर लंबी LPG पाइपलाइन भी शामिल है. इससे गैस के परिवहन और भंडारण की व्यवस्था मजबूत होगी.
इसके अलावा 330 करोड़ रुपये की लागत से तैयार MRPL के देवंगोंठी मार्केटिंग टर्मिनल का भी लोकार्पण किया जाएगा.
कचरे से बनेगी गैस, रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प
प्रधानमंत्री बेंगलुरु के हरलाकुंटे में गेल के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखेंगे. यह संयंत्र प्रतिदिन करीब 300 टन नगरपालिका कचरे को संसाधित करके 12.6 टन स्वच्छ कंप्रेस्ड बायोगैस तैयार करेगा.
वहीं, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित चार रेलवे स्टेशनों चामराजनगर, चिकमगलूरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का उद्घाटन किया जाएगा.
प्रधानमंत्री बागलकोट-वंडाल रेल लाइन के 45 किलोमीटर लंबे दोहरीकरण खंड को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके साथ ही सकलेशपुर-सुब्रह्मण्य रोड घाट रेलखंड के 55 किलोमीटर हिस्से का विद्युतीकरण पूरा होने के बाद इसे भी देश को समर्पित किया जाएगा.
बेंगलुरु से गोवा तक वंदे भारत की सौगात
रेल यात्रियों के लिए प्रधानमंत्री बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. यह ट्रेन कर्नाटक के तटीय इलाकों और गोवा के बीच तेज और आधुनिक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी.
इसका मार्ग हासन, सकलेशपुर, मंगलुरु, उडुपी, मुरुदेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों को जोड़ेगा. इससे यात्रियों के साथ पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
मैसूर में देश के पहले LED डोम प्लैनेटेरियम का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मैसूर में COSMOS-Mysuru Planetarium का उद्घाटन भी करेंगे. भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (IIA) की ओर से तैयार यह भारत का पहला LED डोम प्लैनेटेरियम है.
यह मैसूर विश्वविद्यालय परिसर में चामुंडी पहाड़ियों की तलहटी में स्थित है. इसमें 15 मीटर का झुका हुआ गुंबद बनाया गया है, जिसमें करीब 6,150 पैनल और 4.2 करोड़ LED लगी हैं.
इस प्लैनेटेरियम में खगोल विज्ञान से जुड़े कार्यक्रम कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में दिखाए जाएंगे. यहां संग्रहालय, प्रदर्शनी हॉल, व्याख्यान कक्ष और प्रशिक्षण केंद्र भी बनाया गया है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों को अंतरिक्ष तथा खगोल विज्ञान के बारे में आधुनिक तकनीक के जरिए जानकारी देना है.
प्रधानमंत्री का यह दौरा कर्नाटक में शहरी परिवहन, रेलवे, ऊर्जा, गैस और विज्ञान शिक्षा से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- दुबई में शाहरुख खान ने ‘Tu Mil Jaaye’ पर किया जबरदस्त डांस, सिग्नेचर पोज देखकर झूम उठे फैंस
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में मेट्रो दौड़ाने की तैयारी तेज, 12 हजार करोड़ की परियोजना का खाका तैयार, 33 स्टेशन और दो डिपो बनेंगे


