राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने देशभर में चलाए गए बड़े अभियान में अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान करीब 9 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना, 42 किलोग्राम चांदी, ₹8.15 करोड़ मूल्य की विदेशी मुद्रा और ₹26.67 लाख भारतीय नकदी जब्त की गई. इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
जांच के दौरान दिल्ली में संचालित एक अवैध गोल्ड मेल्टिंग यूनिट का भी पता चला, जहां तस्करी कर लाए गए सोने को पिघलाकर उसकी पहचान मिटाई जाती थी.
कैबिनेट की मंजूरी. कानपुर-कबरई के बीच बनेगा ₹7,145 करोड़ का नया हाईवे, यात्रा समय आधे से भी कम होगा
दिल्ली में चल रहा था अवैध गोल्ड मेल्टिंग सेंटर
वित्त मंत्रालय के अनुसार DRI को सूचना मिली थी कि पूर्वोत्तर भारत से तस्करी कर लाया गया विदेशी सोना अलग-अलग ट्रेनों के जरिए दिल्ली पहुंचाया जा रहा है. संदेह से बचने के लिए तस्करों ने कई कैरियरों का इस्तेमाल किया और उन्हें अलग-अलग समय पर रवाना किया जाता था.
26 जून को DRI अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के न्यू कूचबिहार रेलवे स्टेशन और बिहार के मानसी जंक्शन पर दो कैरियरों को पकड़ा. इनके पास से करीब 2 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसे शरीर पर छिपाकर ले जाया जा रहा था.
इसी दौरान दिल्ली में दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से लगभग 1.2 किलोग्राम तस्करी का सोना मिला. पूछताछ के बाद अधिकारियों ने राजधानी में संचालित अवैध गोल्ड मेल्टिंग यूनिट का खुलासा किया.
महिला कैरियर के पास मिला 3.3 किलो विदेशी सोना
उसी दिन DRI ने एक अन्य अभियान में सैरांग से कोलकाता जा रही ट्रेन में सफर कर रही एक महिला को पकड़ा.
तलाशी के दौरान उसके विशेष रूप से तैयार किए गए कमर बेल्ट से 20 विदेशी मार्किंग वाले सोने के बिस्कुट बरामद हुए. इनका कुल वजन करीब 3.3 किलोग्राम था. महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
चेन्नई से शुरू हुई जांच, बेंगलुरु तक पहुंचा नेटवर्क
DRI ने चेन्नई एयर कार्गो में घरेलू माल ढुलाई के जरिए विदेश भेजी जा रही विदेशी मुद्रा का भी बड़ा मामला पकड़ा.
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने 7,58,500 अमेरिकी डॉलर और 35 लाख थाई बहत बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹8.15 करोड़ आंकी गई है. जांच में सामने आया कि यह विदेशी मुद्रा भारत से अवैध रूप से बाहर भेजी जा रही थी और इसका इस्तेमाल सोना तथा चांदी की तस्करी के वित्तपोषण के लिए किया जाता था.
इसके बाद जांच के आधार पर बेंगलुरु एयरपोर्ट पर दुबई से लौट रहे एक यात्री को पकड़ा गया. उसके पास से 1.8 किलोग्राम सोना बरामद हुआ. वहीं उसके घर की तलाशी में करीब 42 किलोग्राम चांदी, 700 ग्राम सोने के आभूषण और ₹26.67 लाख नकद भी जब्त किए गए.
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
DRI का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि विदेशी मुद्रा की तस्करी और उसके जरिए कीमती धातुओं की अवैध खरीद का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था.
भारत को मिली पहली PinS हेलिकॉप्टर अप्रोच मंजूरी. खराब मौसम में भी होगी सुरक्षित लैंडिंग
एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वित्तीय लेनदेन और अंतरराष्ट्रीय कड़ियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार सोने की तस्करी और हवाला जैसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Source: DRI, Ministry of Finance


