नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां लाल फार्म के पास एक कार में महिला और एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिले. दोनों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को मोहन गार्डन थाने में पीसीआर कॉल मिली थी. कॉल करने वाले ने सूचना दी कि एक व्यक्ति और उसकी मां ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया है और दोनों कार के अंदर बंद हैं. सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सुमित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.
कार में बेहोश मिले महिला और पुरुष
मौके पर पहुंची पुलिस को पीसीआर कॉल करने वाला व्यक्ति मिला, जो मोहन गार्डन में रहने वाली मृतक महिला का बेटा बताया गया है. पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो सफेद हुंडई सैंट्रो में दो लोग बेहोश मिले. उनकी पहचान सुल्तानपुरी निवासी 46 वर्षीय सुरेंद्र और मोहन गार्डन निवासी 45 वर्षीय गीता के रूप में हुई.
पुलिस को कार की तलाशी के दौरान सल्फास के 10-10 ग्राम के दो पैकेट भी मिले. दोनों को तत्काल तारक अस्पताल पहुंचाया गया. वहां उनके मेडिकल-लीगल केस (MLC) तैयार किए गए. डॉक्टरों ने दोनों को बयान देने के लिए अनफिट घोषित किया. इलाज के दौरान पहले गीता और बाद में सुरेंद्र की भी मौत हो गई.
15 साल से दिल्ली होमगार्ड में तैनात था सुरेंद्र
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुरेंद्र पिछले करीब 15 वर्षों से अस्थायी आधार पर दिल्ली होमगार्ड में सेवाएं दे रहा था. फिलहाल उसकी तैनाती जहांगीरपुरी में थी. वह सुल्तानपुरी में रहता था. उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं.
वहीं, गीता के परिवार में भी दो बेटे हैं. जांच में एक अहम बात सामने आई कि गीता के पति की भी हाल ही में 17 अक्टूबर 2026 को शाहबाद डेयरी इलाके में कथित तौर पर जहर खाने के बाद मौत हो गई थी.
10 साल से एक-दूसरे को जानते थे दोनों
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, सुरेंद्र और गीता एक-दूसरे को करीब 10 वर्षों से जानते थे. सुरेंद्र की पहचान पहले गीता के दिवंगत पति से थी. धीरे-धीरे उसकी गीता से नजदीकियां बढ़ गई थीं.
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी और जांच प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ वालों ध्यान दें! VIP कार्यक्रम के चलते कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले जान लें डायवर्जन
यह भी पढ़ें- कर्नाटक को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, मंगलुरु-बेंगलुरु के बीच दौड़ेगी वंदे भारत, रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने का बड़ा प्लान तैयार


