लखनऊ: उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा और आधुनिक रक्षा विनिर्माण केंद्र (Defense Manufacturing Hub) बनाने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मिलने जा रही है. यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में अब विदेशी कंपनियां भी बड़े स्तर पर निवेश करने की योजना बना रही हैं. इस कड़ी में स्पेन की रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र की दिग्गज कंपनियां यूपी में पूंजी और अत्याधुनिक तकनीक दोनों लगाने को तैयार हैं. माना जा रहा है कि निवेश की औपचारिकताओं को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही स्पेन का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश का दौरा कर सकता है, जिसके दौरान महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
लखनऊ को मिलेगी 2 बड़ी सौगात! 300 KM गोमती एक्सप्रेस-वे और 6000 एकड़ में बनेगा नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट
कानपुर और झांसी नोड पर विशेष नजर
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, स्पेनिश कंपनियों ने विशेष रूप से कानपुर और झांसी नोड में निवेश करने के लिए गहरी दिलचस्पी दिखाई है. रक्षा उपकरणों के पारंपरिक हब रहे कानपुर और बुंदेलखंड के झांसी को इस निवेश से एक नई वैश्विक पहचान मिलेगी.
सिर्फ पूंजी नहीं, हाई-टेक तकनीक लाना है मकसद
स्पेन की कंपनियों को आमंत्रित करने के पीछे उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य सिर्फ वित्तीय निवेश हासिल करना नहीं, बल्कि रक्षा क्षेत्र की दुनिया की सबसे उन्नत तकनीकों को राज्य में लाना है. स्पेन की प्रमुख रक्षा कंपनियाँ निम्नलिखित अत्याधुनिक उपकरण बनाने के लिए वैश्विक स्तर पर जानी जाती हैं.
युद्धपोत और आधुनिक पनडुब्बियां
उन्नत रेडार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर (EW) सिस्टम
साइबर डिफेंस समाधान और कमांड व कंट्रोल सिस्टम
हाई-टेक बख्तरबंद वाहन
इन तकनीकों के आने से यूपी में तैयार होने वाले हथियार और उपकरण न सिर्फ भारतीय सेना की जरूरतों को पूरा करेंगे, बल्कि वैश्विक निर्यात (Export) के मानकों पर भी खरे उतरेंगे. इसके अलावा, विदेशी कंपनियां भारत में प्लांट स्थापित करने के लिए स्थानीय भारतीय कंपनियों के साथ जॉइंट वेंचर (Joint Venture) भी कर सकती हैं. डिफेंस कॉरिडोर उत्तर प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास की नई इबारत लिख रहा है. इसके प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं.
मुख्य बिंदु विवरण
कुल नोड्स 6 (लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और चित्रकूट)
अब तक हुए कुल MoU 191 कुल
निवेश का लक्ष्य ₹39,654.09 करोड़
रोजगार के अवसर 60,232 लोगों को डायरेक्ट/इनडायरेक्ट रोजगार
भूमि आवंटन विभिन्न नोड्स में 66 उद्योगों को जमीन आवंटित की जा चुकी है
स्पेन के इस संभावित निवेश और तकनीकी सहयोग से यूपी का डिफेंस कॉरिडोर आत्मनिर्भर भारत अभियान को रफ्तार देने के साथ-साथ ग्लोबल डिफेंस सप्लाई चेन का एक प्रमुख हिस्सा बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है.


