Awarapan Songs: इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, लेकिन इसके गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. फिल्म के ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ जैसे गानों ने इमरान हाशमी के दर्द और जुदाई को पर्दे पर कुछ इस तरह उतारा कि ये गाने फिल्म से कहीं ज्यादा मशहूर हो गए. खास बात यह है कि इन गानों के पीछे एक ऐसे गीतकार का हाथ था, जिन्होंने इमरान हाशमी के करियर के कई यादगार गाने लिखे हैं. इनका नाम है सईद कादरी.
पिता की वृद्धाश्रम में मौत, बेटियों ने वीडियो कॉल पर देखा अंतिम संस्कार; 13वीं में भी नहीं पहुंचीं
आवारापन के गानों को सईद कादरी ने लिखा
2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ के गाने सईद कादरी ने लिखे थे, जबकि पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद ने अपनी आवाज दी थी. फिल्म में जब इमरान हाशमी इन गानों पर लिप्सिंग करते नजर आए, तो उनके किरदार का दर्द और बिछड़ने की तड़प सीधे दर्शकों तक पहुंची. खासकर कब्र के पास इमरान हाशमी का रोते हुए ‘तो फिर आओ’ गाना गाने वाला दृश्य आज भी फैंस को याद है. सोशल मीडिया और रील्स के दौर से पहले रिलीज हुआ यह गाना सालों बाद भी अपनी भावनात्मक अपील बनाए हुए है.
सईद कादरी ने लिखे इमरान हाशमी के कई सुपरहिट गाने
सईद कादरी का नाम शायद गुलजार और जावेद अख्तर जैसे बड़े गीतकारों जितना चर्चित न हो, लेकिन उनके लिखे गाने सुनेंगे तो उनकी पहचान तुरंत समझ में आ जाएगी. उन्होंने इमरान हाशमी पर फिल्माए गए कई लोकप्रिय गाने लिखे हैं. इनमें ‘वो लम्हे वो बातें’, ‘अनवर’ का ‘मौला मेरे मौला’, ‘मर्डर 2’ का ‘फिर मोहब्बत’, ‘हमारी अधूरी कहानी’ का ‘हमनवा’ और ‘मर्डर’ का ‘भीगे होंठ तेरे’ जैसे गाने शामिल हैं. यानी इमरान हाशमी के उस दौर की म्यूजिकल पहचान बनाने में सईद कादरी की बड़ी भूमिका रही है.
तो फिर आओ की पहली लाइन से जुड़ी खास कहानी
पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद ने हाल ही में एक इंटरव्यू में ‘तो फिर आओ’ से जुड़ी एक दिलचस्प बात बताई. उनके मुताबिक, गाने की पहली लाइन उन्होंने खुद लिखी थी. मुस्तफा ने बताया कि जब उन्होंने यह लाइन अपने दोस्तों को सुनाई तो उन्हें खास पसंद नहीं आई. लेकिन उन्हें विश्वास था कि अपने किसी करीबी को दोबारा पाने की तड़प और उस भावना को यह लाइन बेहद अच्छी तरह व्यक्त करती है. समय के साथ उनका भरोसा सही साबित हुआ और ‘तो फिर आओ’ इमरान हाशमी के सबसे यादगार गानों में शामिल हो गया.
19 साल बाद भी कायम है गानों का जादू
‘आवारापन’ को रिलीज हुए करीब 19 साल हो चुके हैं, लेकिन इसके गाने आज भी सुने जाते हैं. खास बात यह है कि नई जेनरेशन के बीच भी ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ को खूब पसंद किया जा रहा है. अब जब इमरान हाशमी ‘आवारापन 2’ के साथ पर्दे पर लौटे हैं, तो पहली फिल्म के इन गानों की याद एक बार फिर ताजा हो गई है.
आवारापन 2 ने बॉक्स ऑफिस पर पकड़ी रफ्तार
इमरान हाशमी की आवारापन 2 14 अगस्त को सनी देओल की बंटवारा 1947 के साथ रिलीज हुई थी. बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के बीच मुकाबला है, लेकिन शुरुआती चार दिनों में आवारापन 2 ने साफ बढ़त बना ली है. सैक्निल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, आवारापन 2 ने चौथे दिन करीब 10.92 करोड़ रुपये कमाए. फिल्म का भारत में चार दिनों का नेट कलेक्शन करीब 91 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 130.82 करोड़ रुपये बताया गया है. आवारापन 2 का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है और विशेष भट्ट इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी अहम भूमिकाओं में हैं. ‘आवारापन’ के गानों की पुरानी यादों और ‘आवारापन 2’ की बॉक्स ऑफिस सफलता ने इमरान हाशमी के फैंस के लिए इस फ्रेंचाइजी को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.


