Bigg Boss 20: को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. सलमान खान एक बार फिर शो की मेजबानी करते नजर आने वाले हैं और इसी के साथ संभावित कंटेस्टेंट्स के नाम भी सामने आने लगे हैं. अब टीवी और बॉलीवुड एक्ट्रेस मौनी रॉय का नाम भी शो से जुड़ रहा है.
यूपी बोर्ड के छात्रों के लिए बड़ी खबर! 12वीं में बदलेगा परीक्षा पैटर्न, रटने वालों की बढ़ेगी मुश्किल
मौनी को शो में लाने की तैयारी में मेकर्स
बिग बॉस से जुड़ी खबरें शेयर करने वाले पेज बिग बॉस तक की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ने मौनी रॉय को शो के लिए अप्रोच किया है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि एक्ट्रेस ने ऑफर स्वीकार किया है या नहीं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मेकर्स मौनी को शो में लाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं और उन्हें इसके लिए बड़ी रकम ऑफर किए जाने की भी चर्चा है. हालांकि, इस बारे में अभी मेकर्स या मौनी रॉय की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर भी शुरू हुई चर्चा
मौनी का नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है. कुछ लोगों का कहना है कि मौनी का स्टारडम बिग बॉस जैसे रियलिटी शो से कहीं बड़ा है. वहीं कुछ यूजर्स का सवाल है कि मौनी के पास फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स की व्यस्तता है, ऐसे में वह लंबे समय तक शो में कैसे रह पाएंगी.
इन सेलेब्स के नाम भी चर्चा में
मौनी रॉय के अलावा माही विज, गीता बसरा, सुनील पाल और शोविक चक्रवर्ती के नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में चर्चा में हैं. इसके अलावा बॉक्सर मैरी कॉम को भी शो के लिए अप्रोच किए जाने की खबरें सामने आई हैं. हालांकि, इन नामों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिल्मों में भी व्यस्त हैं मौनी
मौनी रॉय लगातार फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में सक्रिय हैं. वह हाल ही में ‘जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आई थीं. फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं. आने वाले समय में मौनी ‘द वाइव्स’ और ‘तीसरी मंजिल’ में नजर आएंगी. ‘द वाइव्स’ का निर्देशन मधुर भंडारकर कर रहे हैं, जबकि ‘तीसरी मंजिल’ अब्बास-मुस्तान की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है. इसमें मौनी के साथ बॉबी देओल, शरमन जोशी और अर्जुन रामपाल भी दिखाई देंगे. इसके अलावा मौनी तेलुगु फिल्म ‘विश्वम्भरा’ में स्पेशल अपीयरेंस करती नजर आएंगी.
निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहीं
मौनी रॉय की निजी जिंदगी भी हाल के दिनों में सुर्खियों में रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्ट्रेस और सूरज नांबियार के अलग होने और तलाक की खबरें सामने आई हैं. ऐसे में मौनी के बिग बॉस 20 में आने की खबर ने उनके फैंस की दिलचस्पी और बढ़ा दी है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मौनी रॉय बिग बॉस 20 के घर में एंट्री लेंगी? इसका जवाब मेकर्स या एक्ट्रेस की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा.


