Bareilly News: शादी-ब्याह में मेहमानों के स्वागत और खाने-पीने का खास इंतजाम किया जाता है. परिवार अपनी खुशियों के इस मौके को यादगार बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च करता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के बरेली में एक मैरिज लॉन में ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मेहमानों को हैरान और नाराज कर दिया. आरोप है कि यहां शादी में आए मेहमानों को कुत्तों के बर्तन में खाना परोस दिया गया. बर्तन पर कुत्तों के पंजों जैसे निशान देखकर मेहमानों का गुस्सा फूट पड़ा और लॉन में जमकर हंगामा हुआ. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
10 लाख से ज्यादा खर्च कर बुक किया था मैरिज लॉन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास रोड स्थित स्पर्श लॉन का है. बताया जा रहा है कि शादी समारोह के लिए इस मैरिज लॉन को 10 लाख रुपये से अधिक खर्च करके बुक किया गया था. शादी के लिए लॉन को खूबसूरती से सजाया गया था और मेहमानों के स्वागत की भी व्यवस्था की गई थी.
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन खाने के समय अचानक ऐसा कुछ हुआ कि शादी की खुशियों के बीच विवाद खड़ा हो गया. आरोप है कि वेटर मेहमानों की टेबल पर स्टील का एक बड़ा बर्तन लेकर पहुंचा. बर्तन को देखते ही वहां मौजूद लोग चौंक गए.
बर्तन पर पंजों के निशान देख भड़के मेहमान
मेहमानों का आरोप है कि स्टील के बर्तन के बाहरी हिस्से पर चारों तरफ कुत्तों के पंजों जैसे निशान बने हुए थे. यह देखकर खाना खा रहे लोग नाराज हो गए. उन्होंने मैरिज लॉन के कर्मचारियों को बुलाकर विरोध जताया. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया.
हंगामे की जानकारी मिलने पर लॉन का मैनेजर और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे. मेहमानों ने आरोप लगाया कि इस तरह के बर्तन में खाना परोसकर उनकी गरिमा और सेहत के साथ खिलवाड़ किया गया है. वहीं, कर्मचारियों की ओर से इसे गलती बताया गया, लेकिन इससे मेहमानों की नाराजगी कम नहीं हुई.
खाने की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
विवाद सिर्फ बर्तन तक सीमित नहीं रहा. मेहमानों ने खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. उनका आरोप था कि चावल ठीक से नहीं पके थे और खाना भी सही तरीके से तैयार नहीं किया गया था. जब इस बारे में कर्मचारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने सुबह मैडम से बात करने की बात कही. इससे नाराज मेहमानों ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत करने की बात कही.
खाद्य विभाग ने क्या कहा?
मामले को लेकर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह ने बताया कि फिलहाल विभाग को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है. अगर कोई शिकायत दर्ज कराता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में मामले में सामने आए आरोपों की आधिकारिक जांच और पुष्टि होना बाकी है.
यह भी पढ़ें- अब अंग्रेजी में भी ‘West Bengal’ नहीं, ‘Paschim Banga’ होगा नाम, CM सुवेंदु अधिकारी का ऐलान


