नई दिल्ली: दिल्ली के युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सीएम रेखा गुप्ता की सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है. शालीमार बाग में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्किल डेवलपमेंट सेंटर विकसित किया जाएगा. यहां युवाओं को नई तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से प्रशिक्षण दिया जाएगा, वहीं महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार किया जाएगा.
बता दें कि सीएम कार्यालय के मुताबिक, इस केंद्र का उद्देश्य केवल युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर प्रमाणपत्र देना नहीं, बल्कि उनके लिए रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के रास्ते खोलना है. इसके तहत 12वीं पास युवाओं के लिए ITI की तर्ज पर रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे. वहीं महिलाओं के लिए बेकरी, ब्यूटी, फैशन, सिलाई और हस्तशिल्प जैसे व्यावहारिक कौशल से जुड़े शॉर्ट टर्म कोर्स संचालित होंगे.
घर की जिम्मेदारियों के बीच भी महिलाएं कर सकेंगी प्रशिक्षण
वहीं बता दें कि सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. शालीमार बाग में बनने वाला यह केंद्र इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां फ्लेक्सिबल टाइमिंग, वीकेंड बैच और ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रस्तावित है. इससे घरेलू जिम्मेदारियों के कारण प्रशिक्षण से दूर रहने वाली महिलाएं भी अपनी सुविधा के अनुसार हुनर सीख सकेंगी और आत्मनिर्भर बन सकेंगी.
आठ एकड़ में बनेगी आधुनिक इमारत, 14 लैब होंगी
शालीमार बाग में DESU कॉलोनी के पास करीब आठ एकड़ क्षेत्र में इस केंद्र की आधुनिक इमारत तैयार की जाएगी. इसका निर्माण दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) की ओर से किया जाएगा.
केंद्र में स्मार्ट क्लासरूम, 14 अत्याधुनिक लैब और प्रशिक्षण केंद्र, लाइब्रेरी, लर्निंग रिसोर्स सेंटर और 250 लोगों की क्षमता वाला मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम बनाया जाएगा. इसके अलावा कॉन्फ्रेंस और प्लेसमेंट से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.
यहां डिजिटल और आईटी लैब, फैशन एवं टेक्सटाइल, सिलाई एवं हस्तशिल्प, ब्यूटी एंड वेलनेस, बेकरी एवं फूड प्रोसेसिंग और हेल्थकेयर से संबंधित आधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा.
महिलाओं को बुटीक, ब्यूटी पार्लर और बेकरी खोलने का मिलेगा मौका
इस केंद्र में महिलाओं के लिए फैशन डिजाइनिंग, सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन, हेयर स्टाइलिंग, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग और हस्तशिल्प जैसे पाठ्यक्रम खास तौर पर उपयोगी होंगे. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाएं नौकरी करने के साथ अपना बुटीक, ब्यूटी पार्लर, बेकरी या टिफिन सर्विस जैसे कारोबार भी शुरू कर सकेंगी.
इसके लिए महिला उद्यमिता एवं इन्क्यूबेशन सुविधा विकसित करने की योजना है. इसके माध्यम से महिलाओं को कारोबार शुरू करने के लिए मार्गदर्शन, मेंटरशिप, बाजार से जुड़ने और वित्तीय सहायता के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.
बच्चों की देखभाल के लिए बनेंगे दो क्रेच
कामकाजी और छोटे बच्चों वाली महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्र परिसर में दो क्रेच बनाए जाएंगे. प्रत्येक क्रेच में 25 बच्चों की देखभाल की सुविधा होगी. इसके अलावा प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल सिक-बे भी बनाया जाएगा.
परिसर के पास करीब दो एकड़ में हॉर्टिकल्चर ट्रेनिंग फील्ड विकसित करने की भी योजना है. यहां पौधों की देखभाल, उनके स्वास्थ्य और लैंडस्केपिंग से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा.
एआई और डिजिटल सेवाओं में भी मिलेगी ट्रेनिंग
इस केंद्र में युवाओं को डिजिटल सेवाओं, आईटी सपोर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रिटेल और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. दूर-दराज के इलाकों से आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हॉस्टल और आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है.
केंद्र का शैक्षणिक और तकनीकी संचालन डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्किल डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से किया जाएगा. यह सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आता है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (NSQF) और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के मानकों के अनुरूप तैयार किए जाएंगे. कोर्स पूरा करने के बाद युवाओं को नौकरी, अप्रेंटिसशिप या अपना कारोबार शुरू करने के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा.
सरकारी प्रमाणपत्र से नौकरी पाने में मिलेगी मदद
इस केंद्र को स्किल इंडिया, मिशन शक्ति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और विकसित भारत-2047 जैसी प्राथमिकताओं से जोड़ने की योजना है. यहां प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं और महिलाओं को सरकार की ओर से प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे. इससे उन्हें दिल्ली के अलावा अन्य जगहों पर भी रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी.
सरकार की इस पहल का मकसद युवाओं को आधुनिक तकनीक के अनुरूप कौशल देकर रोजगार के लिए तैयार करना और महिलाओं को हुनर, अवसर तथा उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.
यह भी पढ़ें- मुंबई में आज से सजेगा किताबों का महाकुंभ, 600 से ज्यादा स्टॉल और 100 से अधिक सत्र होंगे आयोजित
यह भी पढ़ें- गुरु नानक जयंती पर सुवेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान, बोले- गुरु नानक देव के नाम पर बनवाऊंगा भवन


