Saryu-Kamala Express: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को रेल कनेक्टिविटी के जरिए नई मजबूती मिलने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाई. इस ट्रेन के शुरू होने से भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सफर आसान होगा. साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा.
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे. उन्होंने भारत और नेपाल के संबंधों को सदियों पुराना बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आस्था, साझा नदियों और पारिवारिक संबंधों की मजबूत नींव पर टिके हैं. उन्होंने भारत-नेपाल के पारंपरिक ‘रोटी-बेटी’ के रिश्ते का भी उल्लेख किया.
गोरखपुर, बस्ती और रक्सौल समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और बिहार के कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ते हुए नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचेगी. इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर में होंगे.
इस रेल सेवा से सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है. अब यात्रियों को धार्मिक यात्रा, पारिवारिक मुलाकात और कारोबार के सिलसिले में आने-जाने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा.
अयोध्या और जनकपुर में धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता सीता से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं के कारण विशेष महत्व रखता है. ऐसे में दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं के लिए यात्रा आसान होगी.
इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर अयोध्या, जनकपुर और रास्ते में पड़ने वाले शहरों में होटल, रेस्टोरेंट, स्थानीय परिवहन और छोटे कारोबार से जुड़े लोगों को फायदा मिल सकता है.
भारत-नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी
सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत दोनों देशों के बीच रेल संपर्क मजबूत करने की व्यापक योजना का हिस्सा है. भारत और नेपाल के बीच जयनगर-बिजलपुरा-बरदीबास और जोगबनी-विराटनगर रेल लिंक पर भी चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ रहा है.
इसके अलावा रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित रेल लाइन भी दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने की योजना में शामिल है. नेपाल रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों को गुजरात के वडोदरा स्थित गति शक्ति विश्वविद्यालय में ट्रेन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.
इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल यात्रियों की आवाजाही आसान बनाना नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच व्यापार, क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देना है.
दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं नेपाल के प्रधानमंत्री
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर तक दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं. मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है.
इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है. इस यात्रा को भारत और नेपाल के बीच संबंधों को शिक्षा, व्यापार, परिवहन और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें- गुजरात के सफारी पार्कों में दिवाली पर उमड़ी भीड़, 80 हजार पर्यटकों से 1.59 करोड़ की कमाई
यह भी पढ़ें- रिलीज से ठीक 5 दिन पहले टली रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘मैसा’, मेकर्स बोले- बिना समझौते के दर्शकों तक पहुंचाएंगे फिल्म


