बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर को मुंबई पहुंचने के दौरान एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ा. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई बार लैंडिंग की कोशिश नाकाम होने के बाद उनकी फ्लाइट को सूरत डायवर्ट करना पड़ा. इस घटना से नाराज अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए मुंबई में एयर ट्रैफिक और एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को लेकर सवाल उठाए.
अनुपम खेर ने बताया कि मुंबई में लैंडिंग के दौरान उनके साथ ऐसा अनुभव यह चौथी बार हुआ है. उन्होंने कहा कि विमान जब लैंडिंग के लिए बिल्कुल तैयार नजर आ रहा था, तभी अचानक उसे दोबारा ऊपर उठा लिया गया. इसके बाद विमान ने आसमान में चक्कर लगाया और फिर से उतरने की कोशिश की. हालांकि, इस बार भी मुंबई में लैंडिंग नहीं हो सकी और आखिरकार विमान को सूरत भेजना पड़ा.
पायलट और एयरलाइन को नहीं ठहराया जिम्मेदार
अभिनेता ने साफ किया कि वह इस परेशानी के लिए पायलट या एयरलाइन को जिम्मेदार नहीं मानते. उनका कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट और एयरलाइन ने जो जरूरी था, वही किया होगा. हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुंबई महानगर क्षेत्र में दो एयरपोर्ट मौजूद हैं, तो फिर हवाई यातायात और जमीन पर बढ़ते दबाव को बेहतर तरीके से क्यों नहीं संभाला जा सकता?
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”मैं फ्लाइट में देरी का आदी हूं, भारत में भी और विदेशों में भी. ज्यादातर यात्री भी इसे सामान्य रूप से लेना सीख जाते हैं. लेकिन मुंबई में लैंडिंग के दौरान यह चौथी बार है, जब मुझे ऐसा परेशान करने वाला अनुभव हुआ है. विमान जैसे ही उतरने वाला होता है, उसे दोबारा ऊपर उठा लिया जाता है और फिर चक्कर लगाकर उतरने की कोशिश की जाती है.”
उन्होंने आगे लिखा कि इस बार विमान मुंबई में उतरने के बजाय सूरत पहुंच गया. अभिनेता ने अपनी पोस्ट में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को भी टैग किया और बेहतर समन्वय तथा एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट की जरूरत पर ध्यान दिलाया.
दो एयरपोर्ट होने के बावजूद क्यों हो रही परेशानी?
दरअसल, मुंबई महानगर क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में दो हवाई अड्डे हैं. ऐसे में अनुपम खेर का सवाल है कि दोनों एयरपोर्ट होने के बावजूद यात्रियों को इस तरह की परेशानी से बचाने के लिए बेहतर व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जा सकती.
IFFI में भी पहुंचे थे अनुपम खेर
इस बीच, अनुपम खेर हाल ही में गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में भी शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा की पहचान मजबूत करने में फिल्म फेस्टिवल की भूमिका की तारीफ की.
ANI से बातचीत में अभिनेता ने कहा कि IFFI दुनिया के महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी जगह बना चुका है. यहां अंतरराष्ट्रीय हस्तियों, फिल्म निर्माताओं और कलाकारों की भागीदारी ने इसे प्रतिष्ठित मंच बनाया है. उन्होंने फिल्म बाजार, सेमिनार, चर्चाओं, फिल्म प्रीमियर और इंडियन पैनोरमा की भी सराहना की. साथ ही कहा कि भारतीय सिनेमा के प्रतिनिधि होने के नाते सभी को इस फेस्टिवल को बढ़ावा देने के लिए इसमें भाग लेना चाहिए.
इस फिल्म में आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर जल्द ही सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें- NCERT में 441 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप, AAP नेताओं ने ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को ठेका देने का किया दावा
यह भी पढ़ें- बरेली को जाम से मिलेगी मुक्ति! रिंग रोड पर बनेंगे 4 रेलवे ओवरब्रिज, जून 2028 तक पूरा होगा निर्माण


