साउथ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की अपकमिंग फिल्म ‘मैसा’ (Mysaa) की रिलीज का इंतजार कर रहे फैंस को झटका लगा है. फिल्म की रिलीज से महज पांच दिन पहले मेकर्स ने इसकी रिलीज टालने का फैसला किया है. फिल्म पहले 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन अब दर्शकों को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा. हालांकि, मेकर्स ने नई रिलीज डेट का ऐलान जल्द करने की बात कही है.
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस UnFormula Films ने रविवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर रिलीज टलने की जानकारी साझा की. मेकर्स ने बताया कि वे फिल्म को और बेहतर तकनीकी स्तर पर तैयार करना चाहते हैं, ताकि दर्शकों को सिनेमाघरों में एक शानदार अनुभव मिल सके.
मेकर्स बोले- तकनीकी गुणवत्ता से नहीं करेंगे समझौता
UnFormula Films ने अपने बयान में कहा कि तेलुगु सिनेमा इस समय एक नए और रोमांचक दौर से गुजर रहा है. फिल्में लगातार अपनी तकनीकी गुणवत्ता और शानदार निर्माण के जरिए नए मानक स्थापित कर रही हैं. इसी सोच के साथ ‘मैसा’ को भी एक अलग तरह की और तकनीकी रूप से बेहतरीन एक्शन फिल्म बनाने की कोशिश की जा रही है.
प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि दर्शकों को फिल्म का बेहतरीन अनुभव देने के लिए इसकी थिएटर रिलीज को 27 नवंबर से आगे बढ़ाने का सामूहिक फैसला लिया गया है. नई रिलीज डेट की घोषणा जल्द की जाएगी. मेकर्स ने फैंस के प्यार, धैर्य और समर्थन के लिए उनका शुक्रिया भी अदा किया. साथ ही भरोसा दिलाया कि दर्शकों को ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
गोंड आदिवासी महिला के किरदार में दिखेंगी रश्मिका
‘मैसा’ में रश्मिका मंदाना बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं. फिल्म का निर्देशन रवींद्र पुल्ले कर रहे हैं. एक्शन ड्रामा की कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें रश्मिका एक गोंड आदिवासी महिला का किरदार निभा रही हैं.
इससे पहले रिलीज हुए फिल्म के टीजर में रश्मिका का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिला था. वह बाइक चलाने से लेकर पानी के अंदर खतरनाक एक्शन सीक्वेंस करती नजर आई थीं. इस किरदार के लिए अभिनेत्री ने खास फिजिकल ट्रेनिंग भी ली है.
पिता-बेटी के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमेगी कहानी
फिल्म की एक खास बात इसकी कहानी भी है. जहां कई लोकप्रिय एक्शन फिल्मों में मां-बेटे के रिश्ते को केंद्र में रखा गया है, वहीं ‘मैसा’ में पिता-बेटी के भावनात्मक रिश्ते को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है. फिल्म में एक्शन, इमोशन और ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा.
फिल्म में ईश्वरी राव, गुरु सोमसुंदरम, राव रमेश, राहुल रवींद्रन, समुथिरकानी, शिवा कंदुकुरी, कार्तिक रंजिनी, तारक पोन्नप्पा और निधि सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी श्रेयस के कृष्णा ने संभाली है, जबकि संगीत जैक्स बिजॉय ने तैयार किया है. इसके एक्शन सीक्वेंस के लिए अंतरराष्ट्रीय एक्शन कोरियोग्राफर एंडी लॉन्ग ने काम किया है. अब देखना होगा कि रिलीज टलने के बाद ‘मैसा’ कब सिनेमाघरों में दस्तक देती है.
यह भी पढ़ें- गोवा में CJP का शक्ति प्रदर्शन, जमीन और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा, धारा 39A खत्म करने की मांग
यह भी पढ़ें- कानपुर वालों को जाम से मिलेगी मुक्ति! 5800 करोड़ से बन रही 94 KM की रिंग रोड, 70% तक घटेगा ट्रैफिक का दबाव


