Aligarh News: अलीगढ़ और आसपास के जिलों के लोगों के लिए बड़ी खबर है. इगलास से संभल तक तीसरे स्टेट हाईवे (SH-184) को लोक निर्माण विभाग मुख्यालय से हरी झंडी मिल गई है. इसका प्रस्ताव अब शासन स्तर पर पहुंच गया है. अधिसूचना जारी होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. नया स्टेट हाईवे करीब 97.810 किलोमीटर लंबा होगा और अलीगढ़ समेत कई जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ेगा.
यह भी पढ़ें- IMT Sohna: गुरुग्राम में रोजगार की नई बहार, 95% प्लॉट कंपनियों को अलॉट; 5 उद्योगों में शुरू हुआ निर्माण
इगलास से संभल के बैरपुर तक जाएगा हाईवे
प्रस्तावित SH-184 अलीगढ़-मथुरा रोड पर इगलास से शुरू होगा. इसके बाद यह सासनी, अकराबाद, नानऊ, दादों और सांकरा होते हुए संभल जिले के मिठनपुर से बैरपुर तक पहुंचेगा. यहां यह मेरठ-बदायूं राज्यमार्ग से जुड़ेगा. पहले इस स्टेट हाईवे का प्रस्ताव सासनी से किया गया था और इसकी लंबाई 84.410 किलोमीटर थी. अब इगलास को शुरुआती बिंदु बनाए जाने के बाद इसकी लंबाई 13.400 किलोमीटर बढ़कर 97.810 किलोमीटर हो गई है.
अलीगढ़ के तीन स्टेट हाईवे होंगे
SH-184 के बनने के बाद अलीगढ़ जिले में तीन प्रमुख स्टेट हाईवे हो जाएंगे. पहला अलीगढ़-मथुरा रोड है, जबकि दूसरा छतारी (बुलंदशहर) से अतरौली होते हुए कासगंज तक जाता है. दोनों मौजूदा मार्गों के चौड़ीकरण का काम भी चल रहा है. इन्हें करीब 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा किया जा रहा है. तीसरा स्टेट हाईवे इगलास से संभल तक प्रस्तावित किया गया है, जिससे अलीगढ़ के साथ मथुरा, हाथरस और संभल जिलों को भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी.
राजस्थान से संभल तक आसान होगा सफर
नए स्टेट हाईवे का सबसे बड़ा फायदा दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले वाहनों को मिल सकता है. राजस्थान से यूपी में प्रवेश कर मथुरा के रास्ते संभल जाने वाले वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे संभल से मथुरा की ओर आने-जाने वालों का सफर भी आसान होने की उम्मीद है. इसके अलावा मध्य प्रदेश की ओर से आगरा होकर संभल जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक और सुविधाजनक मार्ग मिल सकेगा. यह हाईवे अलीगढ़-आगरा हाईवे, गाजियाबाद-कानपुर हाईवे, छतारी-अतरौली-कासगंज मार्ग और अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे को आपस में जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा.
धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा फायदा
प्रस्तावित मार्ग केवल यातायात के लिहाज से ही नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण है. इस रूट पर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के अलावा बेसवां का धरणीधर सरोवर पड़ता है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए भी इस क्षेत्र से गुजरते हैं. वहीं, सांकरा गंगाघाट भी प्रमुख धार्मिक स्थल है. पूर्णिमा और अमावस्या के अवसर पर आसपास के जिलों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. सावन और महाशिवरात्रि के दौरान भी शिवभक्त कांवड़ लेकर इस मार्ग से गुजरते हैं.
यह भी पढ़ें- PAN Card Update: पैन कार्ड में गलती है? घर बैठे ऐसे बदलें नाम, पता और मोबाइल नंबर
अधिसूचना जारी होते ही आगे बढ़ेगा काम
लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर विजय सिंह के मुताबिक, स्टेट हाईवे का प्रस्ताव मुख्यालय से शासन को भेज दिया गया है. अधिसूचना जारी होने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी. नए स्टेट हाईवे से न सिर्फ अलीगढ़ की कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है, बल्कि मथुरा, हाथरस और संभल के बीच आवागमन को भी नई रफ्तार मिल सकती है.


