नई दिल्ली: WhatsApp इस्तेमाल करने वाले करोड़ों Android यूजर्स के लिए ऐप में जल्द ही एक बड़ा डिजाइन बदलाव देखने को मिल सकता है. कंपनी Android ऐप के Navigation Bar को नए अंदाज में तैयार कर रही है. खास बात यह है कि Meta AI को भी इसी बार का हिस्सा बनाए जाने की तैयारी है. यानी अभी की तरह स्क्रीन पर अलग से दिखने वाला फ्लोटिंग Meta AI बटन आने वाले समय में Navigation Bar में नजर आ सकता है.
रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp का यह नया डिजाइन अभी डेवलपमेंट स्टेज में है और इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है. इसलिए आने वाले दिनों में इसके डिजाइन और बटन की जगह में बदलाव संभव है.
यह भी पढ़ें- Samsung Galaxy S27 Ultra: डिजाइन में बड़ा बदलाव नहीं, S26 Ultra जैसा ही रहेगा डिस्प्ले
Meta AI की जगह को लेकर अभी चल रहा काम
GSM Arena की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp के डेवलपमेंट बिल्ड में Meta AI बटन को Navigation Bar की अलग-अलग जगहों पर देखा गया है. इससे संकेत मिलता है कि कंपनी अभी यह तय करने पर काम कर रही है कि Meta AI को बार में किस स्थान पर रखा जाए. अगर यह बदलाव लागू होता है तो WhatsApp का इंटरफेस पहले से थोड़ा ज्यादा व्यवस्थित नजर आ सकता है, क्योंकि Meta AI के लिए अलग से स्क्रीन पर मौजूद फ्लोटिंग बटन की जरूरत नहीं होगी.
नया Navigation Bar दिखेगा कुछ ऐसा
नए डिजाइन में Navigation Bar को मौजूदा डिजाइन की तुलना में ज्यादा ओवल शेप दिए जाने की उम्मीद है. इसमें ट्रांसपेरेंट लुक भी देखने को मिल सकता है. नया इंटरफेस WhatsApp के iOS वर्जन से कुछ हद तक प्रेरित नजर आता है. हालांकि Android वर्जन में iPhone की तरह उतनी ज्यादा transparency इस्तेमाल किए जाने की संभावना नहीं है. कंपनी फिलहाल Dark Mode के लिए भी इसी नए Navigation Bar का अलग डिजाइन तैयार कर रही है.
अभी Beta यूजर्स के लिए भी नहीं है पूरी तरह तैयार
यह शुरुआती डिजाइन WhatsApp Beta for Android के वर्जन 2.26.38.10 में देखा गया है. यह वर्जन फिलहाल Beta प्रोग्राम से जुड़े चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि नया डिजाइन जल्द ही सभी WhatsApp यूजर्स के फोन में पहुंच जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक, फीचर अभी शुरुआती विकास चरण में है और इसके पब्लिक रोलआउट से पहले कंपनी इसमें कई बदलाव कर सकती है.
कब तक आ सकता है नया डिजाइन?
WhatsApp के इस नए Navigation Bar को आम यूजर्स तक पहुंचने में अभी कुछ सप्ताह लग सकते हैं. कंपनी पहले Beta यूजर्स के बीच इसके डिजाइन और काम करने के तरीके को टेस्ट करेगी. इसके बाद ही इसे बड़े स्तर पर जारी किए जाने की उम्मीद है. फिलहाल WhatsApp ने इस नए डिजाइन की आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की है. इसलिए Android यूजर्स को इसके स्टेबल वर्जन में आने के लिए अभी इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें- WhatsApp Business: 1 अक्टूबर से बदल गया मैसेजिंग नियम, Payment Method नहीं तो रुक सकते हैं Service Messages


