पुणे: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को श्रद्धांजलि दी. पुणे में अजित पवार की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में शाह ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका असमय निधन महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है. खासतौर पर पुणे, बारामती, पिंपरी और चिंचवड़ के लोगों के लिए यह ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती.
अमित शाह ने कहा कि अजित पवार के अचानक चले जाने से महाराष्ट्र के राजनीतिक और विकास के क्षेत्र में एक ऐसा खालीपन पैदा हुआ है, जिसे भरना बेहद मुश्किल है. उन्होंने कहा कि दशकों तक सामूहिक प्रयास करने के बावजूद भी उनके योगदान की जगह कोई नहीं ले सकता.
अजित पवार मेरे करीबी मित्र और सच्चे सहयोगी थे: अमित शाह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने अजित पवार के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों को भी याद किया. उन्होंने कहा कि अजित पवार केवल उनके करीबी मित्र ही नहीं, बल्कि एक सच्चे सहयोगी भी थे. उनके निधन से उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी एक बड़ा नुकसान झेला है.
शाह ने कहा कि अजित पवार जनता के नेता थे और उन्हें विकास की गहरी समझ थी. पंचायत राज, सहकारिता, कृषि और आधुनिक शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में उन्हें व्यापक अनुभव हासिल था. वह दूरदर्शी सोच रखने वाले नेता थे.
विमान हादसे में हुई थी अजित पवार की मौत
बता दें कि महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन 28 जनवरी को विमान हादसे में हो गया था. बारामती एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश के दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. यह हादसा पुणे जिले के बारामती में हुआ था.
उनके निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई थी. सोमवार को पुणे में उनकी प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.
जैन संगठन और शांतीलाल मुथा फाउंडेशन भी पहुंचे अमित शाह
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में भारतीय जैन संघटना (BJS) के मुख्यालय और शांतीलाल मुथा फाउंडेशन का भी दौरा किया. इस दौरान उन्होंने संगठन से जुड़े लोगों से मुलाकात की.
यह भी पढ़ें- Jaipur Royal Wedding: जयपुर में शिवजीत घाटगे और पल्लवी की शाही शादी, जहीर खान-सागरिका समेत जुटेंगे खास मेहमान
यह भी पढ़ें- वाराणसी में फर्जी नियुक्ति पत्र से 15 लाख का पर्सनल लोन, बैंक की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ केस


