नई दिल्ली: फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के डिप्टी प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने शनिवार को अस्पताल में मुलाकात की. उन्होंने संकट के दौरान कैप्टन स्मित के साहस, जिम्मेदारी और यात्रियों की जान बचाने के लिए दिखाई गई प्रतिबद्धता की जमकर सराहना की.
मुलाकात के बाद UAE के डिप्टी PM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कैप्टन स्मित ने ‘साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता’ का सर्वोच्च उदाहरण पेश किया. उन्होंने कहा कि UAE नेतृत्व की ओर से भारतीय पायलट को पूरा सम्मान और प्रशंसा दी जाती है.
यह भी पढ़ें- मुंबई में CJP के प्रदर्शन पर FIR, आयोजकों समेत 400-500 अज्ञात लोगों पर केस, शिवाजी पार्क में हुआ था प्रदर्शन
हमें गर्व है कि वह हमारी टीम और देश की कहानी का हिस्सा हैं
शेख हमदान ने कहा कि UAE को गर्व है कि कैप्टन स्मित उसकी टीम और उसके देश की कहानी का हिस्सा हैं. उन्होंने UAE को करुणा, शांति और जीवन को महत्व देने वाला राष्ट्र बताते हुए भारतीय पायलट के साहस की सराहना की.
कैप्टन स्मित को 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान कॉकपिट में हमले का सामना करना पड़ा था. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने विमान को बचाने और यात्रियों की जान सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई. विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. विमान में सवार सभी 180 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए.
अस्पताल में स्वास्थ्य में सुधार
भारतीय दूतावास ने भी शनिवार को कैप्टन स्मित के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दिया. दूतावास के मुताबिक, वह बेहतरीन चिकित्सा देखभाल में हैं और तेजी से ठीक हो रहे हैं. भारतीय मिशन ने कहा कि वह उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है तथा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है.
कैप्टन स्मित की बहादुरी की इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी तारीफ कर चुके हैं. UAE नेतृत्व की ओर से अस्पताल पहुंचकर की गई यह मुलाकात उनके साहस और सूझबूझ के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सराहना को दर्शाती है.
यह भी पढ़ें- Elon Musk का Instagram पर तंज- ‘Instagram लड़कियों के लिए है’, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस


