मुंबई: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अभिनेत्री यामी गौतम ने मीडिया से अपनी तस्वीरों को लेकर खास अपील की है अभिनेत्री ने कहा है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में खींची गई उनकी तस्वीरों को AI की मदद से बदला या बेहतर न किया जाए. उन्होंने मीडिया से तस्वीरों को उनके मूल रूप में ही इस्तेमाल करने का अनुरोध किया है.
यामी गौतम ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपनी बात रखी. उन्होंने लिखा कि मीडिया से एक विनम्र अनुरोध है. कृपया सार्वजनिक कार्यक्रमों से मेरी तस्वीरों को AI की मदद से बदलने या निखारने से बचें. कृपया तस्वीरों का इस्तेमाल उनके मूल रूप में ही करें.
अभिनेत्री ने आगे कहा कि किसी व्यक्ति की तस्वीर या उसके चेहरे-मोहरे को AI के जरिए उसकी जानकारी और सहमति के बिना बदलना या उसमें किसी तरह का हेरफेर नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने अपनी इस अपील का सम्मान करने के लिए मीडिया का आभार भी जताया.
यह भी पढ़ें- मुंबई में CJP के प्रदर्शन पर FIR, आयोजकों समेत 400-500 अज्ञात लोगों पर केस, शिवाजी पार्क में हुआ था प्रदर्शन
Jr NTR के बयान के बाद आई यामी की अपील
यामी गौतम का यह बयान ऐसे समय आया है, जब एक दिन पहले अभिनेता जूनियर एनटीआर ने भी AI की मदद से बदले गए वीडियो क्लिप्स को लेकर आपत्ति जताई थी. ये क्लिप्स उनकी फिल्म ‘Devara’ के गाने ‘Chuttamalle’ से जुड़े थे, जिसमें जान्हवी कपूर भी नजर आई थीं. हालांकि, यामी ने अपनी पोस्ट में किसी खास घटना या तस्वीर का जिक्र नहीं किया. उन्होंने केवल AI के जरिए तस्वीरों में बदलाव किए जाने को लेकर अपनी सामान्य चिंता और अपील सामने रखी.
‘Nayyi Navelli’ में नए अंदाज में नजर आएंगी यामी
वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम जल्द ही फिल्म ‘Nayyi Navelli’ में नजर आएंगी. फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरा से पहले सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में यामी एक नए किरदार में दिखाई देंगी. वह मोहिनी नाम की नई-नई शादी हुई बहू का किरदार निभा रही हैं, जो अवस्थी परिवार में आती है. शुरुआत में कहानी एक नवविवाहिता के नए घर में खुद को ढालने के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन धीरे-धीरे उसके किरदार और परिवार से जुड़े रहस्यों के सामने आने के साथ कहानी एक अलग मोड़ लेती है.
फिल्म में अदीनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवर, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है. इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है. फिल्म के निर्माता आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा हैं, जबकि संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है.
यह भी पढ़ें- Elon Musk का Instagram पर तंज- ‘Instagram लड़कियों के लिए है’, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस


