नई दिल्ली: दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों से सफर करने वाली महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा के नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है. 4 अक्टूबर से पिंक पेपर टिकट के जरिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा खत्म हो गई है.अब मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं के पास ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (NCMC) होना जरूरी होगा.दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने शनिवार को इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी किया.इसमें लेफ्टिनेंट गवर्नर तरनजीत सिंह संधू की मंजूरी के बाद दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (मुफ्त और रियायती पास) रेगुलेशन, 1985 में बदलाव किया गया है.
यह भी पढ़ें- सिंगीतम श्रीनिवास राव के निधन पर SS Rajamouli भावुक, बोले-उन्होंने हमें दिखाया कि सिनेमा की असली सीमा सिर्फ कल्पना है
अब मुफ्त सफर के लिए स्मार्ट कार्ड जरूरी
नए नियमों के तहत मुफ्त बस यात्रा की पात्र महिलाओं को डीटीसी और क्लस्टर बसों में सफर करते समय अपने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल करना होगा.यानी अब कंडक्टर से पिंक पेपर टिकट लेकर मुफ्त यात्रा नहीं की जा सकेगी.परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जिन महिलाओं के पास स्मार्ट कार्ड नहीं है, वे बस में लागू किराया देकर सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकती हैं.नए नियमों के अनुसार, पात्र महिला यात्रियों और ट्रांसजेंडर यात्रियों को एसी और नॉन-एसी, दोनों तरह की डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी.
आधार वेरिफिकेशन के बाद जारी हुआ स्मार्ट कार्ड
दिल्ली सरकार ने मार्च में इस स्मार्ट कार्ड को लॉन्च किया था.सरकार के मुताबिक, दिल्ली का पता रखने वाली पात्र महिलाओं को आधार आधारित वेरिफिकेशन के बाद ये कार्ड जारी किए जा रहे हैं.पहले पिंक टिकट वाले सिस्टम में महिलाओं को बिना किराया दिए डीटीसी बसों में यात्रा करने की सुविधा थी.इसमें महिला यात्री दिल्ली की रहने वाली हों या बाहर की, टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा कर सकती थीं.अब यह व्यवस्था बदल गई है और मुफ्त यात्रा का लाभ स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मिलेगा.
18.5 लाख से ज्यादा कार्ड जारी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर तक 18.5 लाख से ज्यादा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके थे.सरकार का कहना है कि भविष्य में कार्ड को रिचार्ज करने के बाद इसका इस्तेमाल अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के लिए भी कॉमन मोबिलिटी कार्ड के रूप में किया जा सकेगा.वहीं, जो महिलाएं मुफ्त यात्रा योजना के लिए पात्र नहीं हैं, उनके लिए कोई बदलाव नहीं है.वे डीटीसी और क्लस्टर बसों में लागू किराए के अनुसार टिकट खरीदकर यात्रा कर सकती हैं.
महिलाओं के लिए क्या बदला?
- 4 अक्टूबर 2026 से पिंक पेपर टिकट से मुफ्त यात्रा बंद
- मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जरूरी
- स्मार्ट कार्ड नहीं होने पर लागू किराया देकर यात्रा करनी होगी
- सुविधा डीटीसी और क्लस्टर की एसी और नॉन-एसी बसों में लागू होगी
- सितंबर तक 18.5 लाख से ज्यादा कार्ड जारी किए जा चुके हैं.
यह भी पढ़ें- ‘Drishyam 3’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, दूसरे दिन कमाए इतने करोड़, ‘Dhurandhar 2’ को भी छोड़ा पीछे!


