नैनीताल: फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम सोमवार को उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंची. निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के नेतृत्व में फिल्म की टीम ने यहां नीम करोली बाबा के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया. टीम ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं और धाम में चल रहे विकास कार्यों की भी सराहना की.
यह भी पढ़ें- Khatron Ke Khiladi 15: ट्रॉफी जीतते ही ईशा सिंह के पास दौड़े अविनाश मिश्रा, दोस्त की आंखों में छलके आंसू
फिल्म अभिनेता शोभिनव सत्य, अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी और निर्माता रागिनी सोना समेत टीम के सदस्यों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की तारीफ की. कलाकारों ने कहा कि राज्य की आध्यात्मिकता, प्राकृतिक खूबसूरती और लोगों का अपनापन उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा.
कैंची धाम में लिया बाबा का आशीर्वाद
फिल्म अभिनेता शोभिनव सत्य ने वीडियो संदेश में कैंची धाम की यात्रा को भावुक कर देने वाला अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि पूरी टीम को बाबा के दर्शन और उनका आशीर्वाद लेने का अवसर मिला. उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताया और कहा कि टीम को कैंची धाम आने का निमंत्रण देने के लिए वह उनके प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हैं. शोभिनव ने कहा कि बाबा के दर्शन करना उनके लिए दिल से जुड़ा हुआ पल था. उन्होंने यह भी बताया कि टीम को इसी यात्रा के दौरान उत्तराखंड के रंगोत्सव-2026 को देखने का मौका मिला.
ढोल-दमाऊ और लोकनृत्य ने मोहा मन
फिल्म टीम ने खटीमा में आयोजित आदि रंगोत्सव-2026 में भी हिस्सा लिया. यहां कलाकारों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति को करीब से महसूस किया. लोकनृत्य, ढोल-दमाऊ और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों ने उनका ध्यान खींचा. शोभिनव सत्य ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड की संस्कृति के इतने अलग-अलग रंग पहले कभी नहीं देखे थे. पारंपरिक वाद्ययंत्रों और नगाड़ों की आवाज के बीच उत्सव का माहौल उन्हें बेहद खास लगा. उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने टीम का सम्मान किया और कलाकारों के साथ नृत्य भी किया. उनके मुताबिक, यह उत्तराखंड की संस्कृति के प्रति मुख्यमंत्री के प्रेम और सम्मान को दर्शाता है.
देशभर के लोगों से उत्तराखंड आने की अपील
‘हनुमान अंश’ की टीम ने देशभर के लोगों से उत्तराखंड आने और यहां के धार्मिक व पर्यटन स्थलों को देखने की अपील की. टीम ने खास तौर पर चारधाम समेत राज्य के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करने की बात कही. कलाकारों ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ उसकी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करती है. राज्य में उन्हें जिस तरह का अपनापन और आतिथ्य मिला, वह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा.
नीम करोली बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित है फिल्म
‘हनुमान अंश’ का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है. फिल्म नीम करोली बाबा, जिन्हें उनके भक्त महाराज जी के नाम से भी जानते हैं, के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है. फिल्म में प्रेम, भक्ति और सेवा की भावना को केंद्र में रखा गया है. फिल्म के निर्माताओं के मुताबिक, बाबा के अनुयायी उन्हें भगवान हनुमान का अवतार मानकर श्रद्धा करते हैं.
उत्तराखंड सरकार ने ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा भी की है. फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. कैंची धाम में बाबा के दर्शन से लेकर रंगोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंगों तक, फिल्म टीम की यह यात्रा उनके लिए सिर्फ एक प्रमोशनल दौरा नहीं रही, बल्कि आस्था और संस्कृति को करीब से महसूस करने का एक यादगार अनुभव बन गई.
यह भी पढ़ें- जहां देश की सीमा, वहीं सरकार की बैठक… चंपावत में पहली बार कैबिनेट जुटी, धामी ने दिया बड़ा संदेश


