Khatron Ke Khiladi 15: टीवी के चर्चित स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का खिताब अभिनेता अविनाश मिश्रा ने अपने नाम कर लिया है. रविवार रात हुए ग्रैंड फिनाले में जैसे ही रोहित शेट्टी ने अविनाश के नाम का ऐलान किया, वहां मौजूद हर किसी के चेहरे पर खुशी नजर आई. लेकिन इस जीत का सबसे भावुक पल तब देखने को मिला, जब ट्रॉफी हाथ में आते ही अविनाश सीधे अपनी करीबी दोस्त ईशा सिंह के पास पहुंचे और उन्हें गले लगा लिया.
यह भी पढ़ें- जहां देश की सीमा, वहीं सरकार की बैठक… चंपावत में पहली बार कैबिनेट जुटी, धामी ने दिया बड़ा संदेश
ईशा भी इस खास पल की गवाह बनी थीं. अविनाश को विजेता बनते देख उनकी आंखें नम हो गईं. दोनों की दोस्ती और जीत की खुशी का यह खूबसूरत पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
बाद में ईशा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अविनाश के साथ एक तस्वीर शेयर कर उन्हें बधाई दी. उन्होंने लिखा, ‘शायद भगवान का प्लान वाकई कुछ बड़ा था… KKK 15 Winner. तुम्हारे लिए बहुत-बहुत गर्व है. वापस आती हूं, पहले थोड़ा रो लूं.’ ईशा ने इसके बाद अविनाश के साथ एक प्यारा वीडियो भी शेयर किया, जिसमें दोनों जीत की खुशी में डांस करते और जश्न मनाते नजर आए. उनकी पोस्ट से साफ दिख रहा था कि अविनाश की यह जीत उनके लिए सिर्फ एक शो की जीत नहीं, बल्कि बेहद निजी और भावुक पल था.
ट्रॉफी घर आ गई… कुछ जीत बहुत पर्सनल होती हैं
ईशा ने एक और पोस्ट में अविनाश की जीत को याद करते हुए लिखा कि ट्रॉफी घर आ गई. कुछ जीत बहुत पर्सनल होती हैं… और ये बिल्कुल वैसी ही है. उन्होंने बताया कि उन्हें बिग बॉस के घर में अविनाश की कही एक बात आज भी याद है. अविनाश ने तब कहा था कि उन्होंने कभी कोई अवॉर्ड नहीं जीता था.
ईशा ने आगे लिखा कि तब दोनों ने शायद सोचा भी नहीं था कि दो साल बाद अविनाश के हाथ में विनर की ट्रॉफी होगी. उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए भगवान का शुक्रिया भी अदा किया.
अविनाश के लिए भी बेहद भावुक था पल
अविनाश मिश्रा के लिए भी यह जीत किसी सपने के सच होने जैसी रही. जैसे ही रोहित शेट्टी ने उनका नाम विजेता के तौर पर घोषित किया, अविनाश भावुक होकर रोने लगे. उन्होंने बताया कि पिछले करीब एक दशक से वह अलग-अलग किरदारों के लिए नॉमिनेट होते रहे और कई अवॉर्ड फंक्शन में शामिल हुए, लेकिन पहली बार उनके हाथ में किसी अवॉर्ड की ट्रॉफी आई है.
इस सीजन में रित्विक धनजानी फर्स्ट रनर-अप और ओरहान अवात्रामानी (Orry) सेकंड रनर-अप रहे. दो साल के अंतराल के बाद लौटे इस स्टंट शो के विजेता के तौर पर अविनाश की जीत ने सीजन को एक बेहद भावुक और यादगार अंत दिया.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में देश का पहला ‘तीर्थंकर वनम्’, 5 एकड़ में बने 24 ध्यान स्थल, जानें क्या है खास


