नई दिल्ली: अपनी आवाज से करोड़ों दिलों को छूने वाले सिंगर अरिजीत सिंह अब 2027 में देशभर के फैंस के बीच पहुंचने वाले हैं. संगीत की दुनिया में अपने 20 साल पूरे करने के मौके पर अरिजीत सिंह एक बड़े इंडिया टूर पर निकलेंगे. ‘Arijit Singh India Tour 2027’ नाम से होने वाला यह म्यूजिक टूर जनवरी से मई 2027 के बीच देश के 9 बड़े शहरों में आयोजित किया जाएगा.
अरिजीत सिंह का यह सफर 9 जनवरी 2027 को अहमदाबाद से शुरू होगा. इसके बाद वह 23 जनवरी को चंडीगढ़, 7 फरवरी को जयपुर, 20 फरवरी को मुंबई, 13 मार्च को बेंगलुरु, 27 मार्च को नई दिल्ली, 10 अप्रैल को पुणे, 1 मई को इंदौर और 15 मई को हैदराबाद में परफॉर्म करेंगे.
20 साल के संगीत सफर का खास जश्न
अरिजीत सिंह के लिए यह टूर सिर्फ कॉन्सर्ट की एक सीरीज नहीं, बल्कि उनके दो दशक लंबे संगीत सफर का जश्न भी होगा. पिछले 20 वर्षों में उनकी आवाज ने अलग-अलग भाषाओं, पीढ़ियों और सीमाओं को पार करते हुए करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई है. ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘अगर तुम साथ हो’ से लेकर ‘केसरिया’ जैसे गानों तक अरिजीत की आवाज लोगों की जिंदगी के अलग-अलग पलों का हिस्सा बनी है. यही वजह है कि उनके लाइव कॉन्सर्ट का इंतजार फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता.
स्टेडियम में दिखेगा भव्य अंदाज
इस बार अरिजीत के कॉन्सर्ट को बड़े और खास अंदाज में तैयार किया जा रहा है. आयोजकों के मुताबिक, स्टेज को मल्टी-टियर डिजाइन में बनाया जाएगा और इसमें एक लंबा रनवे भी होगा, जिसके जरिए अरिजीत दर्शकों के और करीब पहुंच सकेंगे. कॉन्सर्ट में 360 डिग्री स्पैशियल ऑडियो, काइनेटिक LED लाइट्स, पैनोरमिक स्क्रीन, लेजर और स्टेडियम स्तर के पायरोटेक्निक्स का इस्तेमाल किया जाएगा. यानी फैंस को सिर्फ अरिजीत की आवाज ही नहीं, बल्कि एक बड़ा विजुअल और म्यूजिकल अनुभव भी मिलने वाला है.
कब शुरू होगी टिकटों की बिक्री?
‘Kotak Solitaire presents Arijit Singh India Tour 2027’ के टिकट विशेष रूप से thumpN पर उपलब्ध होंगे. टिकटों की प्री-सेल 10 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आम बिक्री 13 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी.
अरिजीत बोले- फैंस ने इन गानों को जिंदगी दी
अपने 20 साल के सफर को याद करते हुए अरिजीत सिंह ने फैंस के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि संगीत के इस सफर का सबसे खूबसूरत हिस्सा उनके श्रोता रहे हैं, जिन्होंने उनके गानों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया. अरिजीत ने कहा कि वह पूरे भारत में घूमकर फैंस के साथ इस प्यार को लाइव महसूस करने के लिए बेहद उत्साहित हैं. उनके लिए यह टूर उन गानों, यादों और उन लोगों से दोबारा जुड़ने का मौका है, जिन्होंने उनके संगीत को इतने वर्षों तक अपना प्यार दिया.
2027 में अरिजीत की आवाज जब स्टेडियम में गूंजेगी, तो यह सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं होगा, यह 20 साल की उन यादों का जश्न होगा, जिनमें उनकी आवाज कहीं न कहीं हर शख्स की अपनी कहानी का हिस्सा रही है.
यह भी पढ़ें- Khatron Ke Khiladi 15: ट्रॉफी जीतते ही ईशा सिंह के पास दौड़े अविनाश मिश्रा, दोस्त की आंखों में छलके आंसू


