LDA Housing Scheme: लखनऊ में घर और प्लॉट खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं के पहले चरण का पंजीकरण पूरा हो गया है. दोनों योजनाओं में सीमित भूखंडों के मुकाबले कई गुना अधिक आवेदन मिले हैं. मंगलवार शाम छह बजे तक वरुण विहार में उपलब्ध भूखंडों के सापेक्ष करीब आठ गुना और नैमिष नगर में सात गुना से अधिक आवेदन आ चुके थे. अब आवेदकों की निगाहें लॉटरी पर टिकी हैं, जो 4 और 5 नवंबर को आयोजित की जाएगी.
4520 भूखंडों के लिए हजारों लोगों ने किया आवेदन
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत एलडीए ने 24 सितंबर से दोनों आवासीय योजनाओं में भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू किया था. पहले चरण में कुल 4520 भूखंडों के लिए आवेदन मांगे गए थे. पंजीकरण की अंतिम तारीख 24 अक्टूबर निर्धारित थी, लेकिन बाद में इसे तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया. वरुण विहार और नैमिष नगर में आवेदन करने वाले लोगों की संख्या उपलब्ध भूखंडों से कई गुना अधिक होने के कारण आवंटन के लिए लॉटरी का सहारा लिया जाएगा.
वरुण विहार में 2847 और नैमिष नगर में 1673 भूखंड
एलडीए की दोनों योजनाओं का आकार काफी बड़ा है. इनमें अलग-अलग आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
- वरुण विहार योजना: आगरा एक्सप्रेसवे के पास विकसित हो रही इस योजना में काशी और कैलाश खंड के 2847 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला गया था. योजना करीब 6580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है.
- नैमिष नगर योजना: सीतापुर रोड पर प्रस्तावित इस योजना में 1673 भूखंडों के लिए आवेदन मांगे गए थे. इसका क्षेत्रफल करीब 3600 एकड़ बताया गया है.
दोनों योजनाओं में पहले चरण के कुल 4520 भूखंडों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
4 और 5 नवंबर को निकलेगी लॉटरी
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, वरुण विहार और नैमिष नगर के पहले चरण के आवेदनों की लॉटरी 4 और 5 नवंबर को कराई जाएगी. इसके जरिए पात्र आवेदकों के बीच भूखंडों का आवंटन किया जाएगा. लॉटरी में असफल रहने वाले आवेदकों को दूसरे चरण में आवेदन करने का अवसर भी मिलेगा. इसके लिए उन्हें दोबारा बुकलेट खरीदने और पंजीकरण शुल्क जमा करने की जरूरत नहीं होगी.
नवंबर के अंत तक शुरू होगा दूसरे चरण का पंजीकरण
पहले चरण के बाद अब एलडीए दोनों योजनाओं में नए भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू करने की तैयारी कर रहा है. अधिकारियों के अनुसार, दूसरे चरण का पंजीकरण नवंबर के अंत तक शुरू कराया जा सकता है. इसके लिए रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) में पंजीकरण पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है. ऐसे में पहले चरण में आवेदन नहीं कर पाने वाले लोगों के पास दूसरे चरण में मौका मिल सकता है. हालांकि, नए भूखंडों की संख्या, दरों और पंजीकरण की अंतिम तारीख की जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी.
अदिति अपार्टमेंट और प्रधानमंत्री आवास योजना में भी आवेदन
एलडीए की अन्य आवासीय परियोजनाओं में भी लोगों ने रुचि दिखाई है. अदिति अपार्टमेंट के लिए अब तक 2461 विजिटर्स ने जानकारी देखी है और 536 बुकलेट खरीदी गई हैं. इसमें 92 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं. वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 20 हजार से अधिक विजिटर्स ने जानकारी देखी है और 2371 पंजीकरण हो चुके हैं. वागेश्वरी अपार्टमेंट के लिए 674 विजिटर्स ने जानकारी देखी और 128 लोगों ने बुकलेट खरीदी है.
यह भी पढ़ें- गोवा में अरिजीत सिंह और करण औजला का धमाका, 29-30 दिसंबर को होगा ‘HOME’ म्यूजिक फेस्टिवल
अब सबसे अहम तारीख 4 और 5 नवंबर है. वरुण विहार और नैमिष नगर में पहले चरण के आवेदकों को इन तारीखों पर होने वाली लॉटरी के नतीजों का इंतजार रहेगा, जबकि दूसरे चरण में नए भूखंडों के लिए आवेदन का अवसर मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- हाथरस की तस्वीर बदल सकती है गंग नहर, बाईपास और पर्यटन स्थल बनाने की उठी मांग


