BHEL Artisan Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे आईटीआई पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है. भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने आर्टिजन ग्रेड-4 के 660 पदों पर भर्ती निकाली है. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार 18 नवंबर 2026 की रात 11:45 बजे तक आवेदन कर सकते हैं. भर्ती के तहत फिटर, वेल्डर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन समेत सात ट्रेड में नियुक्तियां की जाएंगी.
BHEL ने 27 अक्टूबर 2026 को जारी नोटिस में आईटीआई और नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (NAC) से संबंधित योग्यता दस्तावेज हासिल करने की अंतिम तारीख में राहत दी है. पहले इसके लिए 1 अक्टूबर 2026 की समयसीमा निर्धारित थी. अब उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और स्किल टेस्ट की तारीख तक संबंधित सर्टिफिकेट या मार्कशीट प्राप्त करने का समय दिया गया है.
BHEL भर्ती: किस ट्रेड में कितने पद?
इस भर्ती के तहत सात ट्रेड में कुल 660 पद भरे जाएंगे. ट्रेड के अनुसार रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है.
- फिटर: 278 पद
- वेल्डर: 104 पद
- मशीनिस्ट: 101 पद
- इलेक्ट्रीशियन: 90 पद
- टर्नर: 52 पद
- इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक: 23 पद
- फाउंड्रीमैन: 12 पद
नौ यूनिट में होगी भर्ती
BHEL की नौ यूनिट में आर्टिजन की नियुक्तियां की जाएंगी. उपलब्ध विवरण के मुताबिक, तिरुचिरापल्ली स्थित हाई प्रेशर बॉयलर प्लांट में 150 पद और विशाखापट्टनम में 120 पद हैं. रानीपेट में 75 पद निर्धारित हैं. बेंगलुरु की दो यूनिट में क्रमशः 45 और 30 पद हैं, जबकि हरिद्वार, हैदराबाद, भोपाल और झांसी में 60-60 पद बताए गए हैं. वर्गवार रिक्तियों में अनारक्षित श्रेणी के 285, ईडब्ल्यूएस के 66, ओबीसी के 162, एससी के 114 और एसटी के 33 पद शामिल हैं.
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है. इसके साथ संबंधित ट्रेड में नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट (NTC/ITI) और नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट (NAC) की योग्यता भी मांगी गई है. केवल फुल टाइम रेगुलर कोर्स मान्य होंगे.
- जनरल और ओबीसी उम्मीदवार: संबंधित प्रमाणपत्रों में कम से कम 60 प्रतिशत अंक.
- एससी और एसटी उम्मीदवार: संबंधित प्रमाणपत्रों में कम से कम 55 प्रतिशत अंक.
- सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग: अधिकतम आयु 27 वर्ष.
- एससी/एसटी: अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट.
- ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर: 3 वर्ष की छूट.
- दिव्यांग उम्मीदवार: नियमानुसार 10 से 15 वर्ष तक की छूट.
आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी. सभी लागू छूट के बाद भी अधिकतम आयु 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए.
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में एक साल के लिए अस्थायी आर्टिजन के रूप में 24,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे. इसके बाद नियमित नियुक्ति होने पर 29,500 रुपये से 65,000 रुपये के वेतनमान में वेतन मिलेगा. नियमानुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे.
कैसे होगा चयन?
BHEL आर्टिजन भर्ती में सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी. परीक्षा में कुल 120 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. उम्मीदवारों को पेपर हल करने के लिए 90 मिनट मिलेंगे. परीक्षा में ट्रेड से संबंधित 70 प्रश्न, इंजीनियरिंग एवं गणना से 30 प्रश्न और रीजनिंग से 20 प्रश्न पूछे जाएंगे. गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग होगी. परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी के साथ निर्धारित क्षेत्रीय भाषा में भी उपलब्ध होगी.
CBT के बाद उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और स्किल टेस्ट से गुजरना होगा. स्किल टेस्ट केवल क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा. अंतिम मेरिट सूची CBT में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी.
आवेदन शुल्क कितना है?
जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी उम्मीदवारों को कुल 1,072 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं, एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए शुल्क 472 रुपये निर्धारित है. जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा.
आवेदन से पहले जान लें ये जरूरी शर्तें
BHEL भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को आवंटित यूनिट में कम से कम 20 साल तक काम करना होगा. इस अवधि के दौरान यूनिट बदलने या तबादले की अनुमति नहीं होगी. उम्मीदवार केवल एक यूनिट और एक ट्रेड के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसलिए फॉर्म भरते समय ट्रेड और यूनिट का चयन सोच-समझकर करें. झांसी यूनिट में ईडब्ल्यूएस और एससी वर्ग की रिक्तियों को लेकर उपलब्ध दस्तावेजों में अंतर बताया गया है. ऐसे में संबंधित उम्मीदवार आवेदन करने से पहले BHEL की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नवीनतम नोटिस और स्पष्टीकरण जरूर जांच लें.
यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ लिंक एक्सप्रेस-वे को मिली रफ्तार, 7,488 करोड़ से बदलेगी यूपी की कनेक्टिविटी
BHEL भर्ती 2026 के लिए आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवार BHEL के आधिकारिक करियर पोर्टल careers.bhel.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 18 नवंबर 2026 है. कंप्यूटर आधारित परीक्षा की संभावित तारीख 11 दिसंबर 2026 बताई गई है. उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना में योग्यता, ट्रेडवार रिक्तियों, यूनिट और अन्य शर्तों की पुष्टि कर लें. परीक्षा की तारीख में बदलाव संभव है.
यह भी पढ़ें- Gurugram Metro: सेक्टर-10 मेट्रो स्टेशन पर वन विभाग का पेच, 1 हेक्टेयर जमीन के बदले मांगी दोगुनी भूमि


