Entertainment News: साउथ सुपरस्टार अक्किनेनी नागार्जुन की 100वीं फिल्म ‘King 100’ को लेकर दर्शकों का उत्साह बढ़ता जा रहा है. फिल्म में अब अभिनेत्री तब्बू की एंट्री भी आधिकारिक तौर पर हो गई है. खास बात यह है कि मेकर्स ने तब्बू के 55वें जन्मदिन पर उनके किरदार से पर्दा उठाया. वह फिल्म में ‘महंती झांसी रानी’ नाम की एक ताकतवर राजनेता की भूमिका निभाएंगी.
नागार्जुन के साथ 30 साल बाद फिर दिखेंगी तब्बू
तब्बू करीब छह साल के अंतराल के बाद तेलुगु सिनेमा में वापसी कर रही हैं. ‘King 100’ के जरिए वह एक बार फिर नागार्जुन के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी. दोनों की जोड़ी 1990 के दशक में काफी पसंद की गई थी. फिल्म ‘निन्नी पेल्लाडाटा’ में उनकी केमिस्ट्री आज भी दर्शकों को याद है.
हालांकि, इस बार पर्दे पर दोनों का रिश्ता बिल्कुल अलग होने वाला है. फिल्म में तब्बू नागार्जुन की प्रेमिका नहीं, बल्कि उनकी विरोधी के रूप में नजर आएंगी. उनका किरदार एक प्रभावशाली और सख्त मिजाज राजनेता का है.
शाही अंदाज में दिखीं तब्बू, शपथ लेते हुए आया नजर
अन्नपूर्णा स्टूडियोज की ओर से जारी किए गए वीडियो में तब्बू का दमदार अंदाज देखने को मिला. शाही साड़ियों में उनका व्यक्तित्व और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस किरदार को खास बना रहा है. वीडियो में वह पद की शपथ लेती हुई दिखाई देती हैं.
तब्बू ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस किरदार की झलक साझा की. उन्होंने लिखा कि वह ‘King 100’ में महंती झांसी रानी का किरदार निभाकर बेहद खुश हैं और दिसंबर में दर्शकों से मुलाकात करेंगी.
24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
‘King 100’ का निर्देशन रा कार्तिक कर रहे हैं, जबकि फिल्म का संगीत देवी श्री प्रसाद (DSP) ने तैयार किया है. नागार्जुन की यह 100वीं फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर नागार्जुन और तब्बू की यह नई टक्कर दर्शकों को कितनी पसंद आती है.
यह भी पढ़ें- Diwali Special: सब उड़ाते हैं मजाक, फिर भी हर घर पहुंचती है सोन पापड़ी! जानिए क्यों दिवाली पर मीम बन जाती है ये मिठाई


