Netflix New Series: मशहूर साइंस-फिक्शन और हॉरर सीरीज Stranger Things के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. Netflix ने इस लोकप्रिय यूनिवर्स की नई प्रीक्वल सीरीज ‘Other Worlds: A Stranger Things Adventure’ का ऐलान कर दिया है. यह सीरीज 2028 में रिलीज होगी. इसकी कहानी मूल सीरीज की घटनाओं से पहले की होगी, जिसमें दर्शकों को एक नए शहर, नए किरदारों और रहस्यमयी दुनिया की झलक देखने को मिलेगी.
Netflix ने 6 नवंबर को ‘Stranger Things Day’ के मौके पर इस प्रोजेक्ट की घोषणा की. यह दिन 6 नवंबर 1983 को विल बायर्स के लापता होने की घटना की याद में मनाया जाता है. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर सीरीज का ऐलान करते हुए लिखा, ‘हॉकिंस से पहले मैरियन था. Other Worlds: A Stranger Things Adventure. नई सीरीज सिर्फ Netflix पर, 2028 में.’
1955 के मैरियन की कहानी दिखाएगी नई सीरीज
‘Other Worlds: A Stranger Things Adventure’ की कहानी 1955 में अमेरिका के नेवादा राज्य के मैरियन शहर में सेट होगी. इसमें हेनरी क्रील को दूसरी दुनिया से जुड़ा पदार्थ मिलने और उसकी शक्तियों के पीछे की घटनाओं से पहले की कहानी दिखाई जाएगी. यानी दर्शकों को Stranger Things की रहस्यमयी दुनिया की जड़ों को समझने का मौका मिलेगा.
इस सीरीज को मैट और रॉस डफर के साथ लेखिका केट ट्रेफ्री ने मिलकर बनाया है. केट ट्रेफ्री शो रनर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभालेंगी. वहीं, मशहूर निर्देशक जो राइट शुरुआती तीन एपिसोड का निर्देशन करेंगे और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी होंगे. शॉन लेवी समेत कई अन्य निर्माता भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं. सीरीज की शूटिंग न्यू मैक्सिको में होगी.
डफर ब्रदर्स बोले- नई कहानी में मिलेगा अलग अनुभव
सीरीज की घोषणा पर मैट और रॉस डफर ने खुशी जताते हुए कहा कि वे कई सालों से ‘Other Worlds’ पर काम करने का सपना देख रहे थे. अब इस प्रोजेक्ट को हकीकत में बदलते देखना उनके लिए बेहद रोमांचक है.
उन्होंने बताया कि नई सीरीज में Stranger Things की पहचान से जुड़ा हॉरर, रोमांच और रहस्य तो होगा, लेकिन इसकी कहानी, किरदार और लोकेशन बिल्कुल नए होंगे. फिलहाल मेकर्स ने कास्टिंग से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है.
केट ट्रेफ्री ने फैंस से किया खास वादा
शो रनर केट ट्रेफ्री ने कहा कि डफर ब्रदर्स के साथ इस नए अध्याय को पर्दे पर लाना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने बताया कि नई सीरीज में मूल शो के हॉरर, रोमांच और रहस्य को बरकरार रखते हुए एक बिल्कुल नई कहानी पेश की जाएगी. मेकर्स की कोशिश है कि यह कहानी दर्शकों को फिर से रोमांचित करने के साथ भावुक भी करे.
Stranger Things यूनिवर्स की चौथी पेशकश होगी सीरीज
‘Other Worlds: A Stranger Things Adventure’ इस यूनिवर्स की चौथी बड़ी पेशकश होगी. इससे पहले ओरिजिनल सीरीज, एनिमेटेड शो Stranger Things: Tales from ’85 और स्टेज प्रोडक्शन Stranger Things: First Shadow इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन चुके हैं.
Netflix की स्क्रिप्टेड सीरीज प्रमुख जिनी हो ने कहा कि फैंस के प्यार और जुनून ने Stranger Things को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया है. नई सीरीज के जरिए दर्शकों को इस यूनिवर्स के एक नए आयाम से रूबरू कराया जाएगा. वहीं, शॉन लेवी के मुताबिक, नई कहानी में पुराने शो की झलक के साथ नए किरदार, नई दुनिया और नए रहस्य देखने को मिलेंगे.
फिलहाल सीरीज की रिलीज डेट और कलाकारों की जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, 2028 में इसकी रिलीज को लेकर फैंस के बीच अभी से उत्सुकता बढ़ गई है.


